फिरोजपुर केंद्रीय जेल में दो गुटों की आपस में भिड़ंत हो गई। वारदात में दो कैदी गंभीर जख्मी हो गए हैं। इनके सिर पर नुकीली चीज से वार किया गया है। दोनों को जेल अस्पताल में दाखिल करवाया है। जेल अधिकारियों की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने सोमवार को नौ कैदियों के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक ब्लॉक नंबर तीन की बैरक नंबर चार में हवालाती सुरेंद्र सिंह बंद है। ब्लॉक नंबर दो की बैरक नंबर पांच में हवालाती नितिन शर्मा बंद है। ब्लॉक नंबर तीन की बैरक नंबर दो में हवालाती डिंपल निवासी गांव पीरां वाली बंद हैं। ये सभी पुरानी बैरक के पास इकट्ठा हुए और किसी बात पर आपस में भिड़ गए।
वारदात में सुरेंद्र और डिंपल के सिर पर नुकीली वस्तु से वार किया गया। दोनों गंभीर जख्मी हो गए। दोनों को जेल के अस्पताल में दाखिल करवाया। डॉक्टर ने दोनों के सिर पर टांके लगाए हैं। जेल के सहायक अधीक्षक प्रीतम सिंह व निर्मल सिंह की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने हवालाती लखन, सुक्खा, माइकल, नितिन, जैकब, अरुण व रितिक, हवालाती सुरेंद्र सिंह निवासी चुपाती रोड ममदोट व हवालाती अमरीक सिंह निवासी हीरा नगर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस और जेल अधिकारी उक्त मामले की जांच कर रहे हैं कि दोनों गुट किस बात पर आपस में भिड़े हैं।