मामले की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर देहात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया गैंग के छह गुर्गों को सोमवार को गिरफ्तार किया है। तीन थानों की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने 10 दिन की कार्रवाई में इन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इन गैंगस्टरों से पांच देसी पिस्तौल, डेढ़ किलो हेरोइन और नौ लाख रुपये की ड्रग मनी मिली है।
गिरफ्तार आरोपियों में तीन शूटर और तीन तस्कर शामिल हैं। आरोपी बड़े स्तर पर दिल्ली, हरियाणा व अन्य प्रदेशों में हेरोइन की तस्करी करते थे। देहात पुलिस की यह कार्रवाई 17 अगस्त की रात जंडियाला इलाका में एक कार का पीछा कर पकड़े गए दो लोगों के बाद शुरू हुई। यह जानकारी एसएसपी (ग्रामीण) स्वपनदीप शर्मा ने दुबुर्जी पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
एसएसपी शर्मा ने बताया कि सूचना के बाद 17 अगस्त की रात जंडियाला क्षेत्र में एक कार का 12 से 13 किलोमीटर तक पीछा कर क्रास फायरिंग के बाद दो लोगों गुरमेज सिंह और शमशेर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। दोनों पर 12 अपराधिक केस दर्ज हैं। तब इनसे एक पिस्तौल और दो किलो हेरोइन बरामद हुई थी। इसके बाद देहात पुलिस के तीन थानों और क्राइम ब्रांच की टीम ने 10 दिन की कार्रवाई के बाद जग्गू भगवानपुरिया के छह गुर्गों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
स्वपनदीप शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में तीन तीन शूटर हैं। यह लोगों से रंगदारी मांगते हैं। इनमें अमृतसर जिला के हरविंदर कालू, आकाश और संदीप जबकि इनके तीन साथी हेरोइन के बड़े तस्कर हैं। ये सभी दिल्ली, हरियाणा व अन्य राज्यों में हेरोइन तस्करी का काम करते हैं। नशा तस्करों की पहचान राजा, बलराज और दविंदर सिंह के रूप में हुई है।
आरोपियों के कब्जे से पांच देसी पिस्तौल, डेढ़ किलो हेरोइन और नौ लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार शूटरों पर 16 केस दर्ज हैं। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी तीन लोगों की हत्या की योजना बना रहे थे। फिलहाल सुरक्षा कारणों के चलते इसमें ज्यादा जानकारी पुलिस ने नहीं दी है। एसएसपी ने बताया कि शूटरों के पकड़े जाने के बाद वह लोग भी सामने आने लगे हैं, जिनसे आरोपियों ने रंगदारी मांगी थी।