लुधियाना में छठ पूजा से पहले नहर में डूबा बच्चा
नहर किनारे छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं कि अचानक पानी छोड़ दिया गया और कुछ ऐसा हुआ कि खुशियां मातम में बदल गईं। अचानक पानी छोड़े जाने से स्टेज बह गया और उसके साथ स्टेज पर बैठा बच्चा भी बह गया।
घटना पंजाब के लुधियाना की है। काफी तलाशने के बाद बच्चा मिला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। यह देखते ही पूजा स्थल पर चीख पुकार मच गई। इस घटना से गुस्साए लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। वे जाकर हाइवे पर बैठ गए और पक्खोवाल रोड पर जाम लगा दिया। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
पानी बंद करने के निर्देश थे, अचानक छोड़ दिया
लुधियाना में छठ पूजा से पहले नहर में डूबा बच्चा
मिली जानकारी के अुनसार, सिंधवा नहर के किनारे छठ पूजा के लिए इंतजाम किए जा रहे थे। इसके लिए नहर में पानी बंद करने के निर्देश थे, लेकिन शाम को अचानक पानी छोड़ दिया गया। स्टेज बह गई और लोगों में अफरा तफरी मच गई। इस बीच किसी ने बच्चे को पानी में बहते देखा।
देखते ही कुछ लोगों ने नहर में छलांग लगा दी, लेकिन देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची तो लोग भड़के हुए मिले। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जब पानी बंद करने के निर्देश थे तो किसने छोड़ा पानी?