हरियाणा के सीनियर आईएएस एसएन रॉय यौन शोषण के मामले में फंस गए हैं। एक महिला ने शहरी निकाय विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी रॉय पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
महिला की शिकायत पर चंडीगढ़ के आईजी आरके उपाध्याय ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उधर, हरियाणा सरकार ने मामला सामने आने के बाद एसएन रॉय को छुट्टी पर भेज दिया है।
आरोप है कि आईएएस के खिलाफ महिला की शिकायत की फाइल मुख्य सचिव और डीजीपी की टेबल से गुजरते हुए हरियाणा सचिवालय में कई हफ्तों से अटकी पड़ी थी।
मंगलवार को शिकायतकर्ता की चंडीगढ़ के आईजी आरके उपाध्याय से मुलाकात के बाद मामले के तूल पकड़ते ही हरियाणा ने चंडीगढ़ पुलिस को केस सौंपते हुए जांच का आग्रह कर दिया।
विज्ञापन
सोनीपत के युवक ने कराई थी मुलाकात
शिकायतकर्ता के अनुसार वह शादीशुदा है और तलाक का केस चल रहा है। सोनीपत के एक व्यक्ति ने उसकी मुलाकात रॉय से करवाई थी। इसके बाद आईएएस ने खुद को तलाकशुदा बताते हुए उसे शादी का प्रलोभन दिया।
आरोप है कि शादी का झांसा देकर ही अधिकारी ने महिला के साथ संबंध बनाए। उधर, मामला चर्चा में आने के बाद हरियाणा के मुख्य सचिव ने डीजीपी यशपाल सिंघल से इसकी जांच कराने के लिए कहा था।
मुख्य सचिव के आदेश के बाद मामले की जांच वरिष्ठ आईपीएस केपी सिंह को सौंप दी गई, लेकिन शिकायतकर्ता इस जांच से भी संतुष्ट नहीं है।
आईएएस ने दो बार कराया गर्भपात
आरोप लगाने वाली महिला ने मंगलवार को पंचकूला में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि आईएएस अधिकारी ने उसे शादी का झांसा दिया। हालांकि इसके लिए बार-बार कहने पर उन्होंने बीवी से तलाक के बाद ही शादी का भरोसा दिलाया।
महिला ने आरोप गलाया कि उसके आईएएस अधिकारी से पिछले छह वर्ष से संबंध हैं। इस बीच वह गर्भवती हुई तो पहले उसे दवा दी गई, फिर फरीदाबाद में गर्भपात भी कराया गया।
महिला ने बताया कि इससे संबंधित दस्तावेज उसके पास हैं। यह भी आरोप लगाया कि मामले में अफसर का साथ देने वालों में सोनीपत निवासी एस पंवार भी हैं, जिनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
‘10 करोड़ नहीं दिए तो करने लगी ब्लैकमेल’
एसएन रॉय के वकील सरताज सिंह नरूला ने दावा किया है कि यौन शोषण का आरोप लगाने वाली महिला ब्लैकमेल करके रॉय की दो कनाल की कोठी पर कब्जा करना चाहती थी। जब रॉय इसके लिए तैयार नहीं हुए तो उसने 10 करोड़ रुपये की मांग की। जब महिला की रुपये की मांग पूरी नहीं हुई तो उसने रॉय को फंसाने की धमकी दी।
उन्होंने बताया इस मामले में महिला का साथ ब्रिटेन निवासी सुजीत सिंह ने भी दिया है। बकौल सरताज जब आईएएस रॉय सोनीपत में तैनात थे उस समय महिला की पहचान सुरेंद्र पंवार नाम के व्यक्ति ने कराई। इसके बाद रॉय का तबादला चंडीगढ़ हो गया तो यहां महिला का आना जाना रॉय के घर तक हो गया।
इसके बाद दोनों परिवारों के बीच घर जैसे रिश्ते हो गए। रॉय के वकील ने बताया ने महिला पहले भी ब्लैकमेल करके हरियाणा के एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा से शादी की। जिससे उसे एक बच्चा भी पैदा हुआ। इसके बाद उसने प्रदीप शर्मा के खिलाफ भी पंचकूला एफआईआर दर्ज कराके ब्लैकमेल किया।
सरताज ने बताया महिला ने रॉय पर अपनी पत्नी से तलाक लेने की जो बात कही है, जो कि बेबुनियाद है। उन्होंने बताया कि आरोप लगाने वाली महिला का तलाक का केस कोर्ट में विचाराधीन है। रॉय के वकील ने बताया मामले से संबंधित सभी साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
इनेलो नेता सुरेंद्र के करीबी रहे हैं राय
यौन शोषण के आरोप की जांच में फंसे वरिष्ठ आइएएस अफसर एसएन रॉय के मामले में इनेलो नेता सुरेंद्र पंवार का नाम भी लिया गया है। राय सुरेंद्र पंवार के करीबी माने जाते रहे हैं। वर्ष 2001 से 2003 तक रॉय सोनीपत के डीसी रहे थे और उसी दौरान सुरेंद्र से उनकी नजदीकियां बढ़ीं थीं।
वर्ष 2014 में सोनीपत विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले सुरेंद्र पंवार से इस बारे में बातचीत करने का प्रयास किया गया तो पता चला कि वे मेदांता अस्पताल गुड़गांव में भर्ती हैं। तीन दिन पहले ही उनका पेट की बीमारी से जुड़ा एक बड़ा ऑपरेशन हुआ है। डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी है।
घर पर मिले उनके बेटे मोनू ने कहा कि पिता समाजसेवा और राजनीति से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बहुत से लोगों के काम कराएं हैं और अधिकारियों से मेलमिलाप रहा है। पिता की हालत फिलहाल बातचीत करने लायक नहीं है।
यौन शोषण प्रकरण के सामने आने के बाद एक वीडियो भी वायरल हुआ है , जिसे इस मामले से ही जुड़ा बताया जा रहा है। इस क्लिप में एक व्यक्ति और महिला कमरे में डांस करते नजर आ रहे हैं।
महिला ने एक आईएएस के खिलाफ दुराचार की शिकायत दी है। जांच एसएसपी को सौंपी गई है। -आरपी उपाध्याय, आईजी, चंडीगढ़।
मामले की जानकारी मंगलवार को मिली है। पूरे प्रकरण की नियमानुसार जांच होगी। -एमएल खट्टर, सीएम, हरियाणा