कपूरथला के बेगोवाल के मूल निवासी युवक की अमेरिका के जार्जिया में एक अमेरिकी नागरिक ने गोली मार दी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक पर गोली उस समय चलाई गई, जब वह अपने स्टोर पर काम कर रहा था। उधर, अमेरिकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरा घटनाक्रम स्टोर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया, जिसकी मदद से पुलिस आरोपी को पकड़ने में सफल रही। अमेरिका के जार्जिया में स्टोर पर काम करने वाला 37 वर्षीय करणजीत सिंह पंजाब के कपूरथला जिले के बेगोवाल का रहने वाला है। उसके पिता बलविंदर सिंह पंजाब पुलिस से बतौर निरीक्षक सेवानिवृत्त हैं।
उन्होंने बताया कि करणजीत सिंह साल 2009 में अमेरिका गया था और चार साल बाद स्थायी होने के बाद पंजाब लौट आया और साल 2014 में उसका विवाह कर दिया गया। इस समय वह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ अमेरिका में ही रह रहा है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी समय के मुताबिक एक अगस्त को स्टोर खोलने के बाद करणजीत वहां काम कर रहा था। तभी अचानक वहां पर अमेरिकी नागरिक स्टोर में आया। उसके हाथ में पिस्टल थी, आरोपी ने आते ही करणजीत पर गोली चला दी। जिससे करणजीत गंभीर जख्मी हो गया।
जख्मी हालत में उसे नॉर्थ ईस्ट जार्जिया मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली करणजीत के पेट में लगने के बाद दाहिनी जांघ में चली गई। बलविंदर सिंह ने बताया कि डॉक्टरों ने पेट का ऑपरेशन कर दिया है और आगे का इलाज जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि गोली मारने वाले अमेरिकी व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।