वहीं, चंडीगढ़ में मिले सभी 12 नए मरीज अपने परिवार के संक्रमित सदस्यों के संपर्क में आकर पॉजिटिव हुए हैं। इनमें डड्डूमाजरा के 60 वर्षीय वृद्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद परिवार के 7 सदस्यों के सैंपल ले लिए गए हैं। वहीं धनास की 51 वर्षीय महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उसके परिवार के 4 सदस्य एसिम्टोमैटिक पाए गए हैं।
बापूधाम के 46 साल के पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उसके परिवार के भी 7 सदस्य एसिम्टोमैटिक हैं। सेक्टर-32 में 45 साल के पुरुष के अलावा रामदरबार में 72 साल के वृद्ध में कोरोना की पुष्टि हुई है। उसके परिवार के 8 सदस्यों का जांच का नमूना लिया गया है। वहीं, सेक्टर-19 में पॉजिटिव मिले 20 वर्षीय युवक, 49 वर्षीय पुरुष और 40 वर्षीय महिला पंचकूला के संक्रमित परिवार के संपर्क में आकर पॉजिटिव हुए हैं।
धनास में 28 साल के युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है उसके परिवार के 4 सदस्य एसिम्टोमैटिक मिले हैं। वहीं बड़हेरी में पॉजिटिव मिले 29 साल के पुरुष के परिवार के 5 सदस्य एसिम्टोमैटिक हैं। मनीमाजरा में 38 वर्षीय महिला व 15 माह की बच्ची पॉजिटिव मिले हैं। इन मरीजों के मिलने के बाद शहर में कोरोना मरीजों की संख्या 600 हो गई है। वहीं पीजीआई, सूद धर्मशाला व होम क्वारंटीन किए गए 23 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इन मरीजों में सेक्टर 21, 18, 22, 30, 46, 40, 41, 15 डडूमाजरा, खुड्डा अलीशेर, खुड्डा लाहौरा, रामदरबार के मरीज शामिल हैं।
कोरोना की चपेट में आने वाले बुजुर्गों की जान को खतरा सबसे ज्यादा है। मंगलवार को चंडीगढ़ के जिन दो मरीजों ने दम तोड़ा, उन सब की उम्र 50 साल से ज्यादा थी। इससे पहले भी शहर में जिन 8 मरीजों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है उनमें से 5 मरीज 50 से ज्यादा उम्र के थे। केवल 3 मरीज 50 से कम उम्र के थे। उन तीन मरीजों में 3 दिन की नवजात, 35 साल और 45 साल के दो पुरुष शामिल थे।
अब नहीं चेते तो हो जाएगी देर
शहर में कोरोना के मरीजों की तेजी से बढ़ती संख्या और हो रही मौतों को देखते हुए प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग चिंता में है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर अब भी लोग नहीं चेते तो स्थिति गंभीर हो सकती है। अगर कोरोना की चेन पर जल्द से जल्द ब्रेक नहीं लगाया गया तो मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। ऐसी स्थिति में जरूरी है कि मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का कड़ाई से पालन करें।
चंडीगढ़ में अब तक कोरोना से इनकी गई जान
- सेक्टर-18 निवासी 83 वर्षीय वृद्धा
- हल्लोमाजरा निवासी 35 वर्षीय पुरुष
- बापूधाम निवासी 45 वर्षीय पुरुष
- डड्डूमाजरा निवासी 3 दिन की बच्ची
- सेक्टर-30 की 80 वर्षीय वृद्धा
- बापूधाम निवासी 60 वर्षीय वृद्ध
- सेक्टर-16 निवासी 80 साल का वृद्ध
- सेक्टर 52 निवासी 40 वर्षीय पुरुष
- धनास निवासी 50 वर्षीय पुरुष
- सेक्टर 46डी निवासी 52 वर्षीय महिला