पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन सुपरिटेंडेंट अश्वनी कुमार शर्मा ने बताया कि फिरोजपुर रेल डिवीजन से जारी आदेश के मुताबिक पठानकोट से जोगिंद्रनगर के बीच चलने वाली एक्सप्रेस 52471, पैसेंजर 52475 और 52473 को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा पठानकोट से बैजनाथ पपरोला जाने वाली पैसेंजर 52465, 52467 और 52469 बंद की गई।
वहीं पठानकोट से ज्वालामुखी रोड रेलवे स्टेशन जाने वाली 52461 भी अगले आदेश तक निरस्त रहेगी। इसके अलावा ज्वालामुखी रोड रेलवे स्टेशन से पठानकोट आने वाली 52462, जोगिंद्रनगर-पठानकोट के बीच चलने वाली 52472, 52474 और 52476 बंद रहेगी। वहीं बैजनाथ पपरोला-पठानकोट के बीच चलने वाली 52464, 52466 और 52470 अगले आदेश तक निरस्त रहेंगी।
कालका शिमला ट्रैक पर 12 ट्रेनें रद्द
हिमाचल सरकार द्वारा देशी और विदेशी पर्यटकों की एंट्री पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। इस कारण वर्ल्ड हैरिटेज सेक्शन कालका शिमला को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। अंबाला मंडल वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारी हरि मोहन ने बताया कि इस संबंध में हिमाचल सरकार के नुमाइंदों से वार्ता की गई थी।
डीसी सोलन के आदेशानुसार, कालका-शिमला सेक्शन पर चलने वाली सभी 12 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। हालांकि पहले स्थानीय लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए इस ट्रैक पर चलने वाली मिक्स अप व डाउन ट्रेन को ट्रेन नंबर 52455/52456 हिमालयन क्वीन को निर्धारित समय पर चलाने का निर्णय लिया गया था लेकिन शाम होते-होते इसे भी वापस ले लिया गया।
रद्द ट्रेन
ट्रेन नंबर 52457/52458 कालका-शिमला-कालका पैसेंजर, 52459/52460 हिम दर्शन एक्सप्रेस, 52451/52452 शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस, 52453/52454 शिमला मेल व ट्रेन नंबर 52455/52456 हिमालयन क्वीन आगामी आदेशों तक बंद कर दी गई हैं।
कोरोना वायरस से बचने के लिए रेल डिवीजन फिरोजपुर ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल की तरफ चलने वाली सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा 4.2 लाख यात्रियों ने अपने टिकट रद्द करवाए हैं, जिसके बदले में रेलवे ने 26 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। यह जानकारी रेल डिवीजन फिरोजपुर के डीआरएम राजेश अग्रवाल ने दी।
डीआरएम राजेश अग्रवाल ने कहा कि ट्रेन में यात्रा के दौरान कोई कोरोना से पीड़ित हो तो तुरंत रेलवे स्टाफ को इसकी जानकारी दें। रेलवे स्टाफ इसकी जानकारी कामर्शियल विभाग को देगा, ताकि रास्ते में पड़ने वाले निकटतम स्वास्थ्य केंद्र को सूचित किया जा सके और पीड़ित को वहां पर दाखिल करवाया जा सके।
मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर चिन्हित किए गए 220 बिस्तरों में से 120 बिस्तरों को सुसज्जित किया जा चुका है जिसका आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उपयोग किया जा सकता है। मंडल कार्यालय और अन्य इकाइयों में काम करने के लिए आवश्यक केवल 50% कर्मचारियों की उपस्थिति के संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
ऑन ड्यूटी अधिकारियों और कर्मचारियों को छोड़कर रेस्ट हाउस की बुकिंग रद्द कर दी गई है। डीआरएम ने बताया कि कांगड़ा घाटी (पठानकोट-जोगिंदरनगर) और कश्मीर घाटी (बारामूला-बनिहाल) में सभी ट्रेन सेवाओं को अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा 12 ट्रेनों की सेवाओं को कम व्यस्तता के कारण रद्द कर दिया गया है।
कोरोना से बचाव के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार ने पंजाब समेत अन्य राज्यों से आने वाले टूरिस्टों के लिए बैन लगा दिया है। पहले ही दिन पंजाब-हिमाचल सीमा स्थित कंडवाल बैरियर पर पुलिस समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने नाका लगाया और हजारों वाहनों को पंजाब में वापस भेज दिया गया।
डीसी कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने भी नाके का मुआयना किया और इस आदेश को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। नाके पर पर एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन, एसडीएम डॉ. सुरेन्द्र ठाकुर, डीएसपी डॉ. साहिल अरोड़ा सहित अन्य अधिकारियों ने नजर बनाए रखी। डीसी प्रजापति ने संतोष व्यक्त करते कहा कि आगामी समय हमारे लिए ज्यादा चुनौतीपूर्ण है। जिले में घरेलू और विदेशी सैलानियों के प्रवेश पर आगामी आदेशों तक प्रतिबंध लगा दिया गया है।