चंडीगढ़। शहर में कोरोना लुका-छिपी का खेल खेलने लगा है। शनिवार को जहां 18 मरीज मिले थे वहीं रविवार को यह संख्या फिर 8 पर आ गई है। यह क्रम पिछले दो हफ्तों से ऐसे ही जारी है। वहीं 11 मरीजों को 7 दिन की अवधि पूरी करने के बाद छुट्टी दी गई। इसके बावजूद सक्रिय मरीजों की संख्या 87 है। स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे के दौरान 1041 लोगों की जांच की। इनमें से 4 पुरुष और 4 महिलाओं में संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमण दर 0.77 प्रतिशत पर है जबकि अगर एक हफ्ते का औसतन प्रतिशत देखा जाए तो वह 1.19 है।
विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रमण दर में उतार-चढ़ाव से एक बात तो साफ हो रही है कि संक्रमण अब भी बरकरार है। लापरवाहियां बढ़ते ही स्थिति गंभीर होने में देर नहीं लगेगी। पीजीआई के डीन एकेडमिक प्रो. जीडी पुरी का कहना है कि ऐसा माना जाता है कि जिन क्षेत्रों से एक से ज्यादा केस आ रहे हैं वहां संक्रमण की चेन धीरे-धीरे मजबूत हो रही है। ऐसे में वहां के लोगों को प्रिकॉशन डोज लगवाने में अनदेखी नहीं करनी चाहिए।
इनसेट
संक्रमण में ऐसे हो रहा उतार-चढ़ाव
दिन मरीज
15 मई 8
14 मई 18
13 मई 8
12 मई 10
11 मई 22
10 मई 12
9 मई 9
कोट
कोरोना महामारी का खतरा बरबरार है। संक्रमण से बचाव के मानकों के साथ ही टीकाकरण पर भी विशेष रूप से सचेत होने की जरूरत है। जिन क्षेत्रों से संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं वे संक्रमण को लेकर गंभीर हो जाए, लापरवाही भारी पड़ सकती है।
-डॉ. सुमन सिंह, निदेशक स्वास्थ्य