चंडीगढ़। कांग्रेस ने भाजपा की चुनाव आयोग से शिकायत की है। चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजेश शर्मा ने चुनाव आयोग को लिखे पत्र में कहा है कि भाजपा ने शहर के चौकों (राउंड अबाउट) पर बोर्ड (होर्डिंग्स) लगाए हैं, जो नियमों का उल्लंघन है।
शिकायत पत्र में कहा गया है कि यह देखा गया है कि भाजपा और आम आदमी पार्टी ने इस तरह के स्थानों पर करोड़ों रुपये के विज्ञापन लगाए हैं। कई जगह तो स्थान किराए पर लिए हैं। बाजारों में सार्वजनिक शौचालयों के बाहर और चंडीगढ़ की सड़कों के किनारे साइकिल स्टैंड के पास चुनाव प्रचार सामग्री चिपका रखी है। इससे ऐसे दल आगामी निगम चुनाव के लिए संबंधित राजनीतिक दलों के पक्ष में मतदाता को प्रभावित कर रहे हैं जो आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है।
पत्र में चुनाव आयोग से अनुरोध किया गया है कि ऐसे अवैध बोर्ड या सामग्री को तुरंत हटाया जाए। ऐसी प्रचार सामग्री पर होने वाले खर्च को व्यक्तिगत उम्मीदवारों के चुनाव खर्च में जोड़ा जाए। इस संबंध में उचित कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए और कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।