चंडीगढ़। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचली मूल के लोगों से अपील की है कि वह निगम चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए वोट करें। भाजपा के साथ हिमाचल वासियों के हित सुरक्षित हैं।
ठाकुर ने कहा कि चंडीगढ़ वासियों के लिए डबल इंजन की सरकार बेहद लाभदायक साबित हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जो भी योजना बनाई है, उसे चंडीगढ़ में सबसे पहले लागू किया गया है। भविष्य में कई योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिसका चंडीगढ़ वासियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने आम जनता के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। जनधन योजना से हर गरीब नागरिक को जीरो बैलेंस पर खाता खुलवाने का अवसर पर मिला है। इन खातों से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों के खाते में जा रहा है, जिससे बिचौलिया सिस्टम खत्म हुआ है। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी गुरप्रीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा फिर से निगम में सत्ता संभालने जा रही है। इस जीत में हिमाचल वासियों की भूमिका अहम होगी।
ठाकुर ने हिमाचली भाषा में की बात
अनुराग ठाकुर ने रविवार को वार्ड नंबर 35 से पार्टी प्रत्याशी राजिंदर शर्मा के समर्थन में सेक्टर-48, वार्ड नंबर 13 से प्रिंस बंडुला के समर्थन में पंजाब विवि परिसर जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं वार्ड नंबर 27 से पार्टी प्रत्याशी रवि रावत के समर्थन में बैठक की। अनुराग ठाकुर ने जनसभा के दौरान हिमाचली भाषा में शहरवासियों से रू-ब-रू होते हुए कहा कि ‘तुसां कमल उपर मुहर लगाई कै असां दे भाजपा प्रत्याशियों नू जताउणा’। इस अवसर पर वार्ड अध्यक्ष नीलम साही, प्रमोद चौहान, आजाद कुमार पंकज, विजय बाली, शिवेंद्र, राजेश डोगरा समेत कई गण्यमान्य मौजूद थे।