चंडीगढ़। पदभार संभालते ही नगर निगम आयुक्त आनंदिता मित्रा ने समस्याओं के निराकरण में तेजी दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को आयुक्त ने संयुक्त आयुक्त रोहित गुप्ता को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। संयुक्त आयुक्त के नेतृत्व में टीम ने दिन भर औचक निरीक्षण कर 62 चालान काटे।
सुपरिंटेंडेंट सुनील दत्त के साथ निरीक्षक डीपी सिंह ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने शाम 5 बजे सेक्टर-34 की फर्नीचर मार्केट से बरामदों में रखे फर्नीचर जब्त कर चालान काटा। उसके बाद टीम ने सेक्टर-19, 9, 11 व 40 में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। टीम के देखते ही भगदड़ मच गई। जब तक लोग सामान अंदर करते टीम ने दौड़कर सामान जब्त कर लिया। नई आयुक्त ने शहर की समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित करने का पहले ही दिन एलान किया था। इस दौरान नाइट फूड स्ट्रीट पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। उसके बाद लोगों की ओर से मिली शिकायत के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए।