पिता हवलदार पद से हुए थे रिटायर
शहीद कर्नल मनप्रीत के पिता स्व. लखमीर सिंह सेना में सिपाही थे। 12 सिख लाइट इन्फेंट्री में हवलदार के पद से रिटायर हुए। उसके बाद पंजाब यूनिवर्सिटी में सिक्योरिटी सुपरवाइजर के तौर पर काम किया। वर्ष 2014 में ब्रेन हैमरेज से मौत हुई तो मनप्रीत के छोटे भाई संदीप सिंह को उनकी जगह नौकरी मिल गई। मनप्रीत की एक बहन है।
संदीप ने बताया कि जब हम छोटे थे तो देखते थे पापा अपने से बड़े अफसरों को सैल्यूट करते हैं। मनप्रीत ने तभी से सोच लिया था कि वह एक दिन सेना में अफसर बनेंगे। फिर जब पापा उनके साथ खड़े होंगे तो वही अफसर उन्हें सैल्यूट करेंगे, जिन्हें वो तब सैल्यूट करते थे।
बहन बोलीं- प्रैक्टिल बनाते वक्त लिख दिया था सेना में ही जाऊंगा
बहन संदीप कौर ने कहा कि उनके बड़े भाई शुरू से सेना में जाना चाहते थे। बचपन में उसकी प्रैक्टिल बनाते समय एक बार उन्होंने उसमें लिख दिया था कि वह सेना में ही जाएंगे। वह बहुत मेहनती और पढ़ाई में होशियार थे। भाई से राखी पर बात हुई थी, तब उन्होंने जल्द आने का कहा था। भाई हमेशा छुट्टी पर बिना बताए आकर सरप्राइज देते थे।