अब एहतियात बरतते हुए सभी नव निर्वाचित पार्षदों के घर सीसीटीवी कैमरा लगवाया जा रहा है और फोन में रिकॉर्डिंग शुरू कराई जा रही है। ताकि कोई घर आए या फोन करे तो उसकी ऑडियो व वीडियो रिकॉडिंग मिल सके। इस साक्ष्य को जनता के सामने रखेंगे और भाजपा की सच्चाई बताएंगे।
आप रकम बताइए और भाजपा में शामिल हो जाइए
राघव चड्ढा ने कहा कि भाजपा के नेता हमारे पार्षदों से कह रहे हैं कि उन्हें गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलवा दिया जाएगा। पार्षद रकम और पद बताएं और आप छोड़कर भाजपा में शामिल हो जाएं। तीनों प्रत्याशियों के फोन में रिकॉर्डिंग नहीं थी, इसलिए साक्ष्य नहीं मिल सके। भाजपा के अधिकारियों से बताना चाहूंगा कि आप के लोग इस मिट्टी से नहीं बने जो पैसे और धमकाने से डर जाएं।
फिर शुरू किया ऑपरेशन लोटस: आप
आप ने बताया गया कि भाजपा ने अपना ऑपरेशन लोटस फिर चंडीगढ़ में शुरू कर दिया है। यह ऑपरेशन भाजपा ने गोवा, अरुणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक सहित कई अन्य राज्यों में चलाया था। चंडीगढ़ के लोगों ने भाजपा को हराने के लिए वोट दिया, जिसमें वर्तमान मेयर सहित दो पूर्व मेयर, युवा मोर्चा व महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष को हार का सामना करना पड़ा। लोगों ने यह वोट अरविंद केजरीवाल के दिल्ली मॉडल पर दिया है। जनता के फैसले को पलटकर भाजपा चोर दरवाजे से सत्ता में आना चाहती है। ऑपरेशन लोटस कांग्रेस के साथ सफल हो सकता है लेकिन आप के साथ नहीं। यह केजरीवाल का परिवार है।
30 को पार्षदों से मिल सकते हैं केजरीवाल, तय होगी आगे की रणनीति
राघव चड्ढा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री सभी पार्षदों से इसी साल मुलाकत करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार 30 दिसंबर को मुलाकात का समय तय हुआ है। इस बीच आप ने सक्रियता दिखाते हुए पार्षदों की निगरानी शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि पार्षदों को इकट्ठा करके दिल्ली भी ले जाया जा सकता है। ताकि पार्षदों से कोई संपर्क भी न कर सके। केजरीवाल से मिलने के बाद ही आप आगे की रणनीति तय करेगी।
क्षेत्र विशेष नहीं, तीसरा विकल्प है आप
राघव चड्ढा ने कहा कि विपक्ष पहले कहता था कि आप ग्रामीण क्षेत्रों की पार्टी है, उसे केवल वहीं से वोट मिलेगा। सेक्टरों में मिले जन समर्थन के बाद विपक्ष कह रहा है कि आप शहरी पार्टी है, वहीं उसने बढ़त ली है। असल बात यह है कि आप लोगों के लिए एक बेहतर विकल्प है, जिसे दिल्ली के लोगों ने महसूस किया है।
सत्ता में बैठी कांग्रेस और भाजपा का बेहतर विकल्प मिलने के बाद आप सत्ता में आई। चंडीगढ़ अभी झांकी है, पंजाब अभी बाकी है। आप साफ सुथरे लोगों को पार्टी में लेकर आ रही है। पंजाब की खुशहाली के लिए जिसका दिल धड़कता है, वह पार्टी में आ रहा है। रेत माफिया से हमारी दूरी है।
चड्ढा गढ़ रहे बचकाने तथ्य
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आदमी पार्टी का इतिहास, बिना सबूत आरोप लगाने का है। विवादों से बनी पार्टी विवाद की ही सियासत करती है। आम आदमी पार्टी के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा निराधार और बचकाने तथ्य गढ़ रहे हैं। अपने ही पार्षदों के फोन टेप करना और उनके घर पर कैमरे लगवाकर वे साबित कर रहे हैं कि उन्हें बाहर से नहीं अंदर की फूट का खतरा है।
ये पैंतरा चंडीगढ़ में बड़ी-बड़ी बातें बोलकर गए केजरीवाल के आत्मविश्वास में कमी की निशानी है और पंजाब में भाजपा की बढ़ती साख का असर है। वे अपने सहयोगियों से मुझ पर और मेरे कार्यालय पर आरोप मढ़ कर पंजाब में चर्चा प्राप्त करना चाहते हैं। सच ये है कि इस समय पंजाब में कांग्रेस के विरुद्ध भाजपा ही जनता की आवाज है और हवाई सपने बुन रही आप को अंधेरा नजर आ रहा है। मुझे केजरीवाल से सहानुभूति है।
चंडीगढ़ की जनता ने कल चमत्कार कर दिया, कई बड़े दिग्गजों को हरा कर नए चेहरों को चुना। चंडीगढ़ के लोगों ने भाजपा के मौजूदा मेयर, भाजपा के दो पूर्व मेयर और भाजपा के यूथ अध्यक्ष को हरा दिया। इनकी जगह जनता ने आप के नए चेहरों को चुना। अरविंद केजरीवाल, सीएम दिल्ली।