चंडीगढ़। चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीसीईटी) डिप्लोमा विंग समेत पंजाब के दर्जनों कॉलेजों के छात्रों की परीक्षा ऑनलाइन होगी या ऑफलाइन, यह सोमवार को तय होगा। पंजाब स्टेट बोर्ड ऑफ तकनीकी एजुकेशन कार्यालय इसके लिए नोटिस जारी करेगा। सूत्रों का कहना है कि इसके अगले ही दिन 28 दिसंबर से परीक्षाएं भी शुरू हो सकती हैं। परीक्षाएं यदि ऑनलाइन शुरू हुई तो छात्रों को राहत मिलेगी अन्यथा छात्र नुकसान में रह सकते हैं। क्योंकि वह अचानक परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच पाएंगे।
इन कॉलेजों के हजारों छात्रों ने तर्क दिया था कि उनकी पढ़ाई ऑनलाइन हुई है, ऐसे में परीक्षाएं भी ऑनलाइन ही आयोजित की जाएं। इसी बीच छात्रों को पता चला कि पंजाब स्टेट बोर्ड की ओर से परीक्षा कराने के लिए सेंटर बनाए जा रहे हैं। इससे छात्रों में आक्रोश पनप गया। इसी को देखते हुए छात्रों ने प्रदर्शन किया। सड़क तक जाम की। छात्रों को आश्वासन मिला था कि इस प्रस्ताव पर काम होगा। सोमवार तक नोटिस जारी होगा। छात्रों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि छात्रों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए ही अधिकारी परीक्षा ऑनलाइन कराने का निर्णय लेंगे।