बीएसएफ ने शुक्रवार रात अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान से आए चार ड्रोन मार गिराए। इनमें से दो ड्रोन भारतीय सीमा के अंदर गिरे, जबकि एक ड्रोन पाकिस्तान की सीमा में ध्वस्त हुआ। बीएसएफ ने एक ड्रोन से दो किलो 600 ग्राम हेरोइन भी बरामद की है। बीएसएफ ने बताया कि पहला ड्रोन अमृतसर के धारीवाल गांव में शुक्रवार रात 8.55 पर दिखा। ड्रोन की आवाज सुनते बीएसएफ ने फायरिंग कर उसे गिरा दिया।
ऑपरेशन के बाद बीएसएफ ने छानबीन की तो टूटी हालत में क्वाडकॉप्टर (ड्रोन) डीजेआई मेट्रिस 300 पीटीके मिला। इस घटना के 29 मिनट बाद गांव रतन खुर्द में 9.24 बजे एक और ड्रोन दिखा, जिसे जवानों ने तत्काल मार गिराया।
बाद में बीएसएफ ने क्षतिग्रस्त हालत में दूसरा क्वाडकॉप्टर जीजेआई मेट्रिस 300 पीटीके बरामद किया। इस ड्रोन के साथ लोहे के रिंग के साथ बंधे हेरोइन के दो पैकेट मिले, जिसमें 2.6 किलो हेरोइन थी। इन पैकेटों के साथ चार चमकीली स्ट्राइप्स भी बरामद की है।