नगर निगम डड्डूमाजरा के पाम पार्क में 14 नवंबर को बाल दिवस मनाएगा। कार्यक्रम के आयोजन में अभी कई दिन बाकी हैं लेकिन समारोह में मुख्य अतिथि को लेकर कांग्रेस और भाजपा में तनातनी हो गई है।
नगर निगम ने निमंत्रण कार्ड प्रिंट करवाने के आर्डर दे दिए हैं और सांसद पवन बंसल को मुख्य अतिथि बनाया गया है। पिछले हफ्ते आर्ट एंड कल्चर कमेटी की बैठक में बाल दिवस मनाने का निर्णय लिया गया था।
भाजपा के सदस्यों का कहना है कि बैठक में किसी को भी मुख्य अतिथि बनाने का निर्णय नहीं लिया गया था। भाजपा सदस्य सौरभ जोशी और राजेश गुप्ता ने मेयर सहित आर्ट एंड कल्चर कमेटी के सदस्यों को फिर से बैठक बुलाने की मांग की है।
भाजपा सदस्यों का कहना है कि कमेटी की बैठक के जो मिनट्स तैयार हुए हैं उनमें छेड़छाड़ की गई है। दो साल से सेक्टर-22 के नेहरू पार्क में बाल दिवस मनाया जा रहा था। पहली बार डड्डूमाजरा में यह दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है।
भाजपा सदस्य राजेश गुप्ता का कहना है कि लोकसभा चुनाव सिर पर है। कांग्रेस पार्टी जानबूझ कर शहर के सांसद पवन बंसल को सरकारी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बना रहे हैं।
कमेटी की बैठक में बंसल को मुख्य अतिथि बनाने का निर्णय नहीं हुआ है। इस पर किसी की भी सहमति नहीं ली गई है। उनका कहना है कि बाल दिवस के समारोह पर प्रशासन के किसी अधिकारी को मुख्य अतिथि बनाया जाना चाहिए।
आर्ट एंड कल्चर कमेटी की चेयरपर्सन गुरबख्श रावत का कहना है कि पवन बंसल शहर के सांसद हैं। सांसद को मुख्य अतिथि बनाने का प्रस्ताव उन्होंने कमेटी की बैठक में उठाया था।
कमेटी के सदस्य एवं वार्ड पार्षद सतप्रकाश अग्रवाल का कहना है कि इस समारोह में पवन बंसल ही मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लेंगे जबकि मेयर इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। भाजपा का काम हर काम में बाधा डालना है और वह कर रही है।