अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में वे केंद्र से कैसे लड़ रहे हैं? यह वही जानते हैं। इसके लिए तो नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए। इतना ही नहीं पंजाब में भी भाजपाई राज्यपाल और केंद्र सरकार सूबे की भगवंत मान सरकार के रास्ते में रोड़े अटका रहे हैं। हालत यह है कि गणतंत्र दिवस परेड में पंजाब की झांकी को शामिल नहीं किया। कहा यह गया कि इसमें तो भगवंत मान की फोटो लगी है। जबकि झांकी पर शहीद भगत सिंह की फोटो लगी थी। पंजाब की झांकी को रोकना सूबे के नागरिकों का अपमान है।
पंजाब के हितों के लिए सीएम भगवंत मान अपने दम पर सभी ताकतों से मुकाबला कर रहे हैं। अगर लोकसभा की सभी 13 सीटें आम आदमी पार्टी की झोली में लोग डाल देंगे तो सभी सांसद संसद में पंजाब की आवाज बनेंगे और फिर कोई भी ताकत 26 जनवरी को पंजाब की झांकी को रोक नहीं पाएगी।
पंजाब के सभी मसलों का पूरी ताकत के साथ समाधान कराएंगे। इतना ही नहीं पंजाब का विभिन्न मदों में आठ हजार करोड़ रुपया केंद्र ने रोक रखा है। अगर यह रकम पंजाब को मिल जाए तो यहां के लोगों के लिए कई अस्पताल, स्कूल और औद्योगिक क्षेत्र बनाए जा सकते हैं।