युवाओं को तकनीकी क्षेत्र निपुण करने के लिए अप्रेंटिसशिप योजना ला रहा शिक्षा विभाग
चंडीगढ़। हरियाणा में सीनियर सेकेंडरी के बाद स्कूल छोड़ने वाले युवाओं को उद्योगों में अप्रेंटिशिप पर लगाने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से महत्वाकांक्षी योजना बनाई जा रही है। औद्योगिक नगरी में हर साल 10 हजार अप्रेंटिशिप की आवश्यकता होती है। ऐसे में युवा तकनीकी रूप से प्रशिक्षण लेकर रोजगार कर सकेंगे।
यह जानकारी प्रदेश के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने दी। मुख्य सचिव वीरवार को अमृतसर में गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हो चुकी 31वीं नॉर्थ जोन काउंसिल की बैठक में उठाए गए मामलों को लेकर शिक्षा व महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। कौशल ने कहा कि छह से 18 साल के बच्चों का परिवार पहचान पत्र से डाटा लेकर शिक्षा के लिए ट्रेकिंग की जाएगी, ताकि मार्च 2024 तक स्कूलों में शत-प्रतिशत एनरोलमेंट किया जा सके। इसके अलावा स्कूलों से ड्राॅप आउट कम करके ग्रेेडिंग लेवल अग्रणी तीन राज्यों में लाने के बेहतर प्रयास किए जाएंगे।
नवंबर तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे मोबाइल
आयुक्त एवं सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग अमनीत पी कुमार ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नवंबर महीने के अंत तक मोबाइल उपलब्ध करवाए जाएंगे और जनवरी 2024 में पोषण जागृति माह मनाया जाएगा। उस दौरान कार्यकर्ताओं के माध्यम से बच्चों को दिए जा रहे प्रोटीनयुक्त आहार का प्रतिदिन डाटा लेकर उसकी निगरानी की जाएगी। इसके अलावा बच्चों का ग्रेडिंग लेवल बनाने के लिए बेहतर एसओपी बनाई जाएगी।