हरियाणा में आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स के मुद्दों पर सोमवार को चंडीगढ़ सिविल सचिवालय में हुई बैठक बेनतीजा रही। तालमेल कमेटी ने राज्य भर में आंदोलन को तेज करते हुए जनता के बीच जाने और 25 -26 फरवरी को भाजपा नेताओं के कार्यालयों के बाहर धरना दिया जाएगा। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान घेराव का फैसला 23 फरवरी को लिया जाएगा।
दूसरी ओर श्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए हुआ साक्षात्कार, मंत्री कमलेश ढांडा की अध्यक्षता में हुई अवार्ड समिति की बैठक
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार से नवाजा जाएगा। सोमवार को यहां श्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए साक्षात्कार हुए।
महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा की अध्यक्षता में राज्य महिला अवॉर्ड समिति की बैठक हुई। साक्षात्कार से पहले जिला कार्यक्रम अधिकारियों ने परीक्षा आयोजित की थी। उसके बाद मेरिट के आधार पर सूची सिफारिशों के साथ राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए भेजी गई। बैठक में सूची में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साक्षात्कार लिए गए।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रधान सचिव डॉ. जी अनुपमा, महानिदेशक हेमा शर्मा भी मौजूद रहीं। ढांडा ने बताया कि महिला सशक्तीकरण को लेकर हरियाणा और केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही है। हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर कार्य करने वाली महिलाओं को पहचान देने व प्रोत्साहित करने के लिए हर साल 8 मार्च को महिला दिवस पर पुरस्कार दिए जाते हैं।
उन्हें लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी सेवाओं के तहत बाल विकास व संबंधित क्षेत्रों में अनुकरणीय कार्य करने पर श्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को राज्य स्तरीय पुरस्कार देता है।