चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से शनिवार को विभिन्न पीजी कोर्सेज के लिए प्रवेश परीक्षा पीयू सीईटी पीजी का आयोजन करवाया गया। इस दौरान एलएलएम की कुल 188 सीटों के लिए 862 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। इसमें एलएलएम एक वर्षीय कोर्स में डिपार्टमेंट ऑफ लॉ पीयू में 42 सीट, यूआईएलएस पीयू में 50 सीट, एलएलएम दो वर्षीय कोर्स के लिए यूआईएलएस पीयू में 50, यूआईएल पीयू रिजनल सेंटर लुधियाना में 26 और पीयूएसएसजीआरसी होशियारपुर में 20 सीटें हैं।
पीयू की ओर से आयोजित पीयू सीईटी पीजी के लिए शनिवार को कुल 4191 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। शनिवार को हुई परीक्षा में 29 पीजी कोर्स के लिए कुल 5191 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। विभिन्न कोर्स के लिए आयोजित परीक्षा के लिए चंडीगढ़ में सात, होशियारपुर में एक, लुधियाना में एक, श्री मुक्तसर साहिब में एक परीक्षा केंद्र बनाया गया था। पीयू में डिपार्टमेंट ऑफ लॉ, यूआईएलएस पीयू, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड टूरिज्म, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड मैनेजमेंट एंड साइंसेज, डीएवी कॉलेज-10 के ब्लॉक में केंद्र बनाया गया।
एमई सिविल इंजीनियरिंग में 25 सीटों के लिए छह ने ही दी परीक्षा
पंजाब यूनिवर्सिटी के अंतर्गत निट्टर में संचालित एमई सिविल इंजीनियरिंग कोर्स की कुल 25 सीटों के लिए सिर्फ आठ आवेदन प्राप्त हुए थे। इसमें से सिर्फ छह उम्मीदवारों ने ही शनिवार को परीक्षा दी। वहीं, एमए अंग्रेजी के कोर्स के लिए 95 सीटों के लिए 723 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। कोर्स के लिए 868 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। एमएससी फॉरेंसिक साइंस एंड क्रिमिनोलॉजी की 19 सीटों के लिए 242 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी, 295 ने आवेदन किया था। एमए इकोनॉमिक्स की 80 सीटों के लिए 355 उम्मीदवारों ने पेपर दिया और 417 आवेदन मिले थे। वहीं, एमसीए कोर्स की कुल 150 सीटों के लिए 600 उम्मीदवारों ने पेपर दिया।