मोगा: ट्रक और टेंपो की टक्कर, 10 घायल
मोगा जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां के जीरा रोड पर गांव खोसा पांडो में ट्रक और टेंपो की आमने सामने टक्कर हो गई। फिरोजपुर के गांव बड़ा रामसिंह वाला से यह लोग जगरांव के गांव अखाड़ा में अंतिम अरदास में जा रहे थे। टैंपो में करीब 20 लोग सवार थे। हादसे में करीब 10 लोग जख्मी हुए हैं। घायलों को मोगा सिविल अस्पताल लाया गया। इनमें तीन की हालत गंभीर है। मोगा सिविल अस्पताल के एसएमओ सुखप्रीत बराड़ ने बताया कि शुक्रवार को 10:30 बजे के करीब 10 मरीजों को अस्पताल लाया गया। इनमें तीन की हालत गंभीर हैं। उन्हें फरीदकोट रेफर कर दिया गया और बाकी मरीजों की हालत में सुधार है।
हादसों में महिला समेत तीन की मौत
होशियारपुर में अलग-अलग हादसों में महिला समेत तीन की मौत हो गई। गांव महिदवानी में स्थित एक ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारी की वहां खड़े एक ट्रॉले की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को नामजद कर मामला दर्ज कर लिया है। कर्मचारी मुलख राज निवासी टिबीयां एक वृक्ष के पास खड़ा था। इस दौरान टैंकर चालक ने अचानक अपने वाहन को बैक कर दिया। मुलख राज टैंकर के नीचे आ गया।
गंभीर हालत में मुलख राज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, थाना चब्बेवाल के गांव जियाण निवासी महिला महिंदर कौर (80) सुबाह रोजाना की तरह घर से गुरुद्वारा सहिब गई थी। उसका शव गांव के छप्पड़ से मिला। मुकेरियां थाने के गांव दगन निवासी महेश ट्रॉली पर मीरथल से बजरी लेने गया था। जब वो जंडवाल के पास रुका तो एक ट्रॉले ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौत हो गई।