कर्ज के बोझ से दबी दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया लिमिटेड ने देश की अब तक की सबसे बड़ी फॉलो-ऑन पेशकश (एफपीओ) में 18,000 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार संस्थागत निवेशकों की ओर से यह इश्यू करीब सात गुना अधिक सब्सक्राइब किया गया। एफपीओ बंद होने के दौरान 8,011.29 शेयरों की मांग की गई। इश्यू के आकार का करीब 6.99 गुना है। यह अब तक का किया गया सबसे अधिक सब्सक्रिप्शन है। कंपनी को 88,124 करोड़ रुपये की बोलियां मिलीं है, लेकिन एफपीओ पेशकश के आकार के अनुसार कंपनी अपने पास 12,600 करोड़ रुपये ही रखेगी।
राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने सोमवार को इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस की याचिका पर मीडिया कारोबारी सुभाष चंद्रा के खिलाफ दिवालिया प्रक्रिया शुरू का आदेश दिया। एनसीएलटी की दो सदस्यीय दिल्ली पीठ ने जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (जेडईईएल) के चेयरमैन एमेरिटस चंद्रा के खिलाफ कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) शुरू करने का निर्देश दिया, जो एस्सेल समूह की कंपनी विवेक इंफ्राकॉन लिमिटेड को दिए गए ऋण के गारंटर थे।
एनसीएलटी की सदस्य अशोक के भारद्वाज और सुब्रत के दास की पीठ ने हालांकि दो अन्य लेनदारों आईडीबीआई ट्रस्टीशिप और एक्सिस बैंक द्वारा दायर इसी तरह की याचिकाओं को खारिज कर दिया। एनसीएलटी ने खुली अदालत में यह आदेश सुनाया और विस्तृत फैसले का अभी इंतजार है।
रिलायंस जियो के दो प्रबंध निदेशकों में से एक संजय मशरूवाला ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में यह जानकारी दी। रिलांयस जियो के संस्थापक धीरूभाई अंबानी के समय से ही 76 वर्षीय मशरूवाला, रिलायंस के साथ बतौर प्रमुख कार्यकारी जुड़े रहे हैं। वह इसकी कई परियोजनाओं और व्यावसायिक कदमों में शामिल रहे हैं।
जोमैटो से ऑर्डर करने पर अब ज्यादा भुगतान करना होगा। इसने चुनिंदा बाजारों में प्लेटफॉर्म फीस 25 फीसदी बढ़ाकर चार से पांच रुपये कर दी है। बढ़ा हुआ शुल्क दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बंगलूरू, हैदराबाद सहित अन्य शहरों में लागू होगा। जोमैटो ने बताया, उसने इंटर सिटी लिजेंड्स सेवा बंद कर दी है। इसकी मुख्य प्रतिस्पर्धी स्विगी भी पांच रुपये ही प्लेटफॉर्म शुल्क लेती है। जोमैटो ने अगस्त, 2023 में 2 रुपये का प्लेटफॉर्म शुल्क शुरू किया था। मार्जिन में सुधार व ज्यादा लाभ कमाने के लिए इस फीस को बढ़ाकर 3 रुपये और इस साल जनवरी में चार रुपये कर दिया था। कंपनी को फरवरी में 227 करोड़ रुपये का टैक्स नोटिस मिला था।
एक दिन में रिकॉर्ड 4.71 लाख ने की हवाई यात्रा
घरेलू बाजार में हवाई यात्रा का नया रिकॉर्ड बना है। 21 अप्रैल, 2024 को 4,71,751 लोगों ने हवाई यात्रा की है। यह कोरोना से पहले एक दिन में 3,98,579 की तुलना में 14 फीसदी अधिक है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बताया कि 21 अप्रैल को कुल 6,128 उड़ानों का परिचालन हुआ। पिछले साल 21 अप्रैल को ही 5,899 उड़ानों से कुल 4,28,389 लोगों ने यात्रा की थी। इस साल जनवरी से मार्च के दौरान कुल 3.91 करोड़ लोगों ने हवाई यात्रा की थी। एक साल पहले यह संख्या 3.75 करोड़ रही थी।
बायजू रवींद्रन ने वेतन देने के लिए लिया पर्सनल लोन
एड-टेक प्लेटफॉर्म- बायजू को चलाने वाली थिंक एंड लर्न के सीईओ बायजू रवींद्रन ने करीब 25-30 करोड़ का पर्सनल लोन लेकर कर्मचारियों को मार्च का वेतन दिया है। सूत्रों ने बताया, निचले स्तर के कर्मियों को पूरा व उच्च स्तर के कर्मचारियों को आधा वेतन दिया गया है।
एचडीएफसी बैंक की नेटबैंकिंग में दिक्कतें
एचडीएफसी बैंक की नेटबैंकिंग में फिर से दिक्कतें आई हैं। कुछ ग्राहकों ने सोमवार को सोशल मीडिया पर लिखा, नेटबैंकिंग सेवा सुबह से काम नहीं कर रही है। वे लॉगइन नहीं कर पा रहे हैं। बैंक की डिजिटल सेवा में तीन वर्षों में कई बार ऐसी दिक्कतें आई हैं।
पेटीएम : यूपीआई भुगतान को घरेलू साउंडबॉक्स पेश
पेटीएम ने सोमवार को यूपीआई और क्रेडिट कार्ड से यूपीआई भुगतान के लिए देश में बने दो साउंडबॉक्स पेश किए। पेटीएम संस्थापक विजय शेखर शर्मा ने कहा, ये साउंडबॉक्स भारतीय परिस्थितियों के लिहाज से बनाए गए हैं।