भारत में आज सोने की कीमत में तेजी देखी गई और चांदी की कीमत सस्ती हुई। एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.07 फीसदी की बढ़त के साथ 50,635 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी की दर 0.2 फीसदी घटकर 62,615 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले सत्र में सोने की कीमत 0.76 फीसदी यानी 380 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ी थी और चांदी 0.28 फीसदी उछली थी। भारत में, विश्लेषकों को इस सप्ताह धनतेरस और दिवाली के अवसर पर बिक्री में वृद्धि की उम्मीद है। सोने की कीमत में अगस्त के 56,000 के रिकॉर्ड स्तर से काफी सुधार आया है।
धनतेरस के मौके पर बिक्री में सुधार
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) के प्रबंध निदेशक (भारत) सोमसुंदरम पीआर ने कहा कि, 'फुटफॉल बेहतर हैं और लोग दिलचस्पी ले रहे हैं। बिक्री में सुधार आ रहा है, लेकिन यह पिछले साल की समान अवधि की तरह ज्यादा नहीं है।' वहीं ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन अनंत पद्मनाभन ने बताया कि ज्वैलरी मार्केट धीरे-धीरे ठीक हो रही है और उपभोक्ता धारणा सकारात्मक रही है। आगे उन्होंने कहा कि, इस साल धनतेरस दो दिन मनाया जा रहा है। हम 13 नवंबर को देश भर में अधिकतम लेनदेन की उम्मीद कर रहे हैं।
बिक्री में सुधार स्थिर रही सोने की कीमत
वैश्विक बाजार में आज सोने की कीमत स्थिर थी। दुनियाभर में कोविड मामलों में वृद्धि जारी है इसलिए ताजा प्रतिबंधों की आशंका से आर्थिक गतिविधियों पर प्रभाव पड़ सकता है। हाजिर सोना 1,876.92 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर था, लेकिन यह सप्ताह यह 3.8 फीसदी नीचे रहा, जो सितंबर अंत से इसका सबसे खराब साप्ताहिक प्रदर्शन है। अन्य कीमती धातुओं में चांदी आज 0.1 फीसदी बढ़कर 24.26 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि प्लैटिनम 879.26 डॉलर पर स्थिर था।
त्योहारों से पहले सरकार सस्ते में बेच रही है सोना
धनतेरस और दिवाली के समय सोने की खरीद को काफी शुभ माना जाता है। इस बीच सरकार ने नौ नवंबर से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम की आठवीं सीरीज सब्सक्रिप्शन के लिए खोली थी। इस बॉन्ड आज यानी 13 नवंबर तक ही निवेश किया जा सकता है। इस गोल्ड बॉन्ड के लिए सोने की कीमत 5,177 रुपये प्रति ग्राम तय की गई है। वहीं अगर गोल्ड बॉन्ड की खरीद ऑनलाइन तरीके से की जाती है तो सरकार ऐसे निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की अतिरिक्त छूट मिलेगी।