पुलिस की गिरफ्त में आरोपी तस्कर और गाड़ी में जब्त
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के सीवान में प्रशासन का हूटर बजाकर शराब तस्करी की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग ने भारी मात्रा में शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लाखों रुपये में है। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि गुरुवार की देर रात स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में शराब कार में हूटर बजाकर ले जाई जा रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर शराब की खेप जब्त कर ली।
जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि मैरवा थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में एक कार से शराब ले जाई जा रही है। इसके बाद उत्पाद विभाग ने फौरन कार्रवाई कर गाड़ी जब्त कर ली, जिसमें लाखों रुपये की शराब ले जाई जा रही थी। वहीं, इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान दिनेश यादव के रूप में हुई है। वह कार में हूटर बजाकर शराब की सप्लाई का काम करता था। वहीं, पकड़ी गई सफेद रंग स्कॉर्पियो कार पटना की बताई जा रही है। उस पर प्रशासन का हूटर लगा हुआ है।
गौरतलब है कि शराब तस्करी के लिए तस्कर हमेशा नए-नए तरीके आजमाते रहते हैं। अब इस नए तरीके से तस्कर शराब की खेप ले जा रहे थे कि उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर शराब से भरी कार को जब्त कर लिया। जानकारी के मुताबकि पकड़ी गई शराब की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं, इसमें बड़े शराब माफिया का हाथ बताया जा रहा है।
इस पूरे मामले पर उत्पाद अधीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि हूटर बजाकर शराब तस्करी की सूचना मिली थी, जिसको जब्त कर लिया गया है। वहीं, एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।