Tejashwi Yadav Rachel Godinho Marriage: साधु यादव- तेजस्वी व रिचेल
- फोटो : Amar Ujala
राष्ट्रीय जनता दल(राजद) नेता तेजस्वी यादव और रिचेल गॉडिन्हो की शादी से उनके मामा साधु यादव नाराज हो गए हैं। साधु यादव का कहना है कि तेजस्वी ने गैर समुदाय की लड़की से शादी करके यादवों का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी ने पूरे यादव समाज का अपमान किया है। उनकी सभी बहनों ने यादवों में ही शादी की, लेकिन तेजस्वी ने एक ईसाई महिला से शादी की है। यादव समाज इसे कभी स्वीकार नहीं करेगा।
यादवों का वोट चाहिए लेकिन शादी दूसरे से
साधु यादव इतने पर ही नहीं रुके उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव दोतरफा बोलने वाले व्यक्ति हैं। उन्हें चुनाव जीतने के लिए यादवों का वोट चाहिए, लेकिन वह यादव समाज की लड़की से शादी नहीं कर सकते हैं। उन्हें अब चंडीगढ़ और केरल जाकर वोट मांगने चाहिए क्योंकि बिहार में उनके लिए कुछ नहीं बचा है।
किस आधार पर कर रहे जातिगत जनगणना की मांग
साधु यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव जाति बंधन तोड़कर दूसरे धर्म की लड़की से शादी करते हैं तो वह बिहार में जाति आधारित जनगणना की मांग किस आधार पर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की शादी से उन्हें बहुत दर्द हुआ है और वह उन्हें शादी की बधाई भी नहीं देंगे।
दिल्ली क्यों जाते थे तेजस्वी?
तेजस्वी की शादी पर आरोप लगाते हुए साधु यादव ने कहा कि जब कभी भी बिहार पर कोई समस्या आती तो तेजस्वी दिल्ली भागते थे। लालू परिवार ने अपने बेटे की शादी को क्यों छुपाया? कुछ तो ऐसा है जो गड़बड़ था, क्योंकि दुल्हन का नाम भी नहीं बताया गया था।
साधू यादव ने कहा कि इन लोगों ने मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है। पिछले 10-12 साल से इन लोगों ने मेरे साथ बुरा बर्ताव किया है। तेजस्वी किसी से भी शादी करने को स्वतंत्र हैं। मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं सिर्फ इतना कहना चाहूंगा कि अगर लालू और बहन जी ने अपने बच्चों को काबू में नहीं रखा, तो परिणाम बुरे होंगे। मैं किसी को नहीं छोड़ने वाला। मैं सब की पोल खोल दूंगा, फिर चाहे वह तेजस्वी हों या तेज प्रताप।