बिहार में इस वर्ष पंचायत चुनाव कराने को लेकर शनिवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षात्मक बैठक की। इस बैठक में सभी पदाधिकारियों से फीडबैक लेने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने अगले 15 दिन में कभी भी पंचायत चुनाव पंचायत चुनाव की घोषणा का संकेत दिया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी जिलों के निर्वाचित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पंचायत चुनाव संबंधित तैयारियां अभी से शुरू कर दे।
इसके अलावा निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों से कहा है कि ईवीएम से संबंधित तकनीकी खराबी को तीन दिनों के भीतर दुरुस्त कर ले। वहीं राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि आरक्षण को लेकर जो त्रुटि है उनको एक सप्ताह के अंदर दुरुस्त कर लेने का निर्देश दिया।
जिलों को यह कहा गया है कि पिछली बैठक में जो प्रतिवेदन तैयार किया गया है उसको समय पर अपलोड करा दिया जाए। साथ ही यह भी कहा गया है कि अलग-अलग राज्यों से जो ईवीएम मंगाए गए हैं उनका अलग-अलग भंडारण भी सुनिश्चित किया जाए। भंडारण के पहले ईवीएम जिस राज्य से मंगाया गया है उस राज्य का स्टीकर चिपकाना अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि वापसी में किसी तरह की कोई परेशानी सामने नहीं आए।