मृतक पूर्व मुखिया मुकेश कुमार मुन्ना
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मधेपुरा जिले के आलमनगर प्रखंड के खापुर पंचायत के पूर्व मुखिया मुकेश कुमार मुन्ना की सोमवार की शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां मेडिकल बोर्ड गठन के बाद मंगलवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के समय पूर्व मुखिया के साथ रहे भकुल सिंह ने बताया कि सोमवार को खापुर के खदैया टोला वार्ड-12 में सड़क ढलाई हो रही थी। कुछ स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में गड़बड़ी को लेकर पूर्व मुखिया मुकेश कुमार मुन्ना को वहां बुलाया। उन्होंने बताया कि पूर्व मुखिया के साथ वह भी उस जगह पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर पूर्व मुखिया ने लोगों से बातचीत कर सड़क निर्माण कार्य शुरू करवा दिया और वहीं पर एक दुकान के आगे लगी चारपाई पर बैठ गए। सड़क निर्माण में लगे मजदूर अपना काम कर रहे थे। उसी दौरान दो बाइक से लगभग पांच-छह बदमाश वहां पहुंचे और पूर्व मुखिया मुकेश कुमार मुन्ना पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। लगभग सात-आठ राउंड फायरिंग के बाद सभी बदमाशों ने गंड़ासे से सिर पर वार कर घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर काम कर रहे सभी मजदूर वहां से भाग गए।
भकुल सिंह ने बताया कि जब मैं पूर्व मुखिया को बचाने के लिए आगे बढ़ा तो मेरे ऊपर पर भी बदमाशों ने गोली चला दी। लेकिन गोली मेरे बगल से निकल गई, जिसके बाद मैं किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग कर एक घर में छिप गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश भाग वहां से भाग निकले। हालांकि भागने के दौरान बदमाशों की एक बाइक वहीं पर छूट गई। उन्होंने बताया कि लोगों की मदद से पूर्व मुखिया को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं, उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि घटना को लेकर अभी आवेदन नहीं मिला है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।