समस्तीपुर में शुक्रवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने मुजफ्फरपुर के किराना कारोबारी राकेश कुमार उर्फ राजीव रंजन पर गोलीबारी कर दी। गोलीबारी होती देख कार सवार कारोबारी ने रहीमाबाद मंदिर के पास भीड़ की ओर वाहन को घुसा लिया। इस दौरान भीड़ ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। हालांकि इस दौरान कुछ बदमाश भागने में सफल रहे। यह घटना जिले के बंगरा थानाक्षेत्र के रहीमाबाद गांव के पास की है। वहीं, पकड़े गए दोनों युवक को ग्रामीणों ने वैनी थाना की 112 नंबर टीम को सौंप दिया। घटना के पीछे रंगदारी की बात सामने आई है।
पीड़ित कारोबारी राकेश उर्फ राजीव रंजन ने बताया कि वह मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थानाक्षेत्र के मालपुर गांव के रहने वाले हैं। उनसे पिछले कुछ दिनों से समस्तीपुर निवासी धीरज और छोटू सिंह समेत कई बदमाश 10 लाख रुपये रंगदारी की मांग कर रहे थे। उनका छोटा कारोबार है, जिस कारण वह रंगदारी देने में असमर्थ थे। उन्हें धमकी दी गई थी कि जब भी वह समस्तीपुर के इलाके में दिखेंगे तो उनकी हत्या कर दी जाएगी।
कारोबारी राकेश ने बताया कि सुबह वह अपने एक संबंधी के साथ सकरा से वैनी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार बदमाशों ने उनका पीछा शुरू किया। जब उन्हें लगा कि बदमाश उनका पीछा कर रहे हैं तो वह अपनी गाड़ी को तेजी से भगाने लगे। इस दौरान बदमाशों ने बघौनी के पास सुनसान जगह पर उन पर फायरिंग शुरू कर दी। लेकिन वह भागते हुए रहीमाबाद चौक के पास भीड़ की ओर चले गए। जहां बाइक सवार बदमाश उन्हें गाड़ी से बाहर खींचने का प्रयास किया, लेकिन वहां जुटी भीड़ ने बदमाशों में से दो लोगों को पकड़ लिया। इस दौरान भीड़ को देख बदमाश वहां से फरार हो गए।
कारोबारी ने बताया कि भागते हुए वह पुलिस की 112 नंबर टीम को भी फोन कर रहे थे। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस की 112 नंबर टीम को ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों युवकों को सौंप दिया। पकड़े गए दोनों युवकों को वैनी थाने में रखा गया है।
उधर, वैनी थाना अध्यक्ष मोहम्मद शकील अहमद ने बताया कि लोगों द्वारा पकड़ कर दिए गए दोनों युवक से पूछताछ कर रहे हैं। हालांकि वे कुछ खास नहीं बता पा रहे हैं। पीड़ित कारोबारी बंगरा थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए गए हैं, क्योंकि घटनास्थल बंगरा थानाक्षेत्र में पड़ता है।
बंगरा थानाअध्यक्ष मनीषा कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस पदाधिकारी मौके पर गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। अभी पीड़ित कारोबारी ने लिखित आवेदन नहीं दिया है। वह अभी मुख्यालय से बाहर हैं।