बिहार की सियासत में नए-नए शब्द ईजाद किए जा रहे हैं। पहले लालू प्रसाद यादव के भकचोन्हर वाले बयान ने तूल पकड़ा। इसके बाद पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी ने लालू प्रसाद की पुत्री रोहिणी आचार्य को लबरी बता दिया। फिर उपमुख्यमंत्री रेणु देवी की गाली ने हंगामा बरपाया तो अब फिर दीपा मांझी ने ऐसे शब्द का प्रयोग कर दिया है जिस पर सियासत गरमा रही है। दीपा ने तेजस्वी यादव को लबरा कह दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके लोग राज्य में शराब बिकवा रहे हैं।
दीपा मांझी ने दे डाली नसीहत
दीपा मांझी ने दीपा संतोष मांझी के नाम के अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है लबरी बहन के लबरा भाई @yadavtejashwi जी, अनाज की रक्षा के लिए हमनी पोटली में सल्फास की गोली रखते हैं, ताकि कीड़ा न लगे। अब उसे कोई खाएगा तो इसमें सरकार क्या करेगी। वैसे ही दारू बंद है, अब आपके लोग जहरीला दारू बिकवाएंगे तो जनता मरेगी कि नहीं। आप भी जागरूकता फैलाइए, सिर्फ आरोप मत लगाइए।
अपने बयानों की वजह से लगातार चर्चा में रहने वाली दीपा मांझी ने इससे पूर्व रोहिणी आचार्य को लबरी कह दिया था। साथ ही उन्होंने फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के आजादी वाले बयान को लेकर भी उन्हें घेरा था।