Bihar : बिहार में गंगा के तेज धार में बहने से मां-बेटी सहित तीन की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के द्वारा मां के शव को बाहर निकाला गया है, जबकि लड़कियों की तलाश की जा रही है।
बेगूसराय में गंगा स्नान करने के दौरान मां और दो बेटी सहित तीन की डूबने से मौत हो गई। इसमें महिला का शव लोगों ने बरामद कर लिया, जबकि स्थानीय गोताखोर के द्वारा दोनों बेटियों की तलाश की जा रही है। घटना बलिया थाना क्षेत्र के तुलसी टोल गंगा नदी की है। मृतक महिला की पहचान तुलसी टोल के रहने वाली द्रोपती देवी के रूप में की गई है जबकि पुत्री रिमझिम और रोमा बताई जा रही है।
विज्ञापन
बेटियों को बचाने में बेटी संग मां भी डूबी
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला द्रोपती देवी अपने दोनों बेटियों रिमझिम और रोमा के साथ गंगा स्नान करने के लिए गई थी। गंगा स्नान करने के दौरान अचानक रिमझिम और रोमा डूबने लगी। दोनों को डूबते देख द्रोपती देवी गंगा की तेज धार की तरफ बढ़ गई। लेकिन न तो वह अपनी बेटियों को बचा सकीं और न खुद ही तेज धार से बच पाई। बेटियों के साथ-साथ वह खुद भी गंगा के तेज धार में बह गई।
बेटियों की तलाश अभी भी जारी
ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना होते देख घाट के पास लोग शोर मचाने लगे। वहां मौजूद कुछ गोताखोर और कुछ ग्रामीण तीनों को बचाने के लिए गंगा में कूद पड़े, लेकिन कोई फायदा नहीं हो पाया। काफी खोजबीन के बाद द्रौपदी देवी की लाश मिल गई लेकिन बेटियों रिमझिम और रोमा की लाश नहीं मिल पाई। स्थानीय गोताखोर अभी भी खोजबीन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी बलिया थाना को दी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव की खोजबीन करवा रही है।