अगर बाइक राइडिंग के दौरान ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया है तो आप इंजन ब्रेकिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए बाइक के गियर को धीरे-धीरे निचले गियर में लेकर आएं। ऐसा करने से मोटरसाइकिल की रफ्तार कम हो जाएगी। साथ ही धीरे-धीरे बाइक के क्लच को छोड़ें।
बाइक के ब्रेक खराब होने के बाद बाइक रोकने के लिए रियर ब्रेक का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर बाइक का आगे का ब्रेक ही खराब हुआ है तो आप रियर ब्रेक के जरिए बाइक की गति धीमी कर सकते हैं। वहीं, अगर रियर ब्रेक खराब हुआ है तो भूलकर भी आगे वाले ब्रेक का इस्तेमाल न करें, क्योंकि ऐसा करने से मोटरसाइकिल फिसल सकती है या फिर हादसा हो सकता है।
बाइक का ब्रेक अगर काम करना बंद हो चुका है तो कोशिश करें कि बाइक को किसी सुरक्षित स्थान पर लेकर जाए, जहां पर ट्रैफिक कम हो, ताकि बाइक गिरने या फिसलने पर नुकसान कम से कम हो। वहीं, बाइक को भूलकर भी किसी ढलान वाली जगह पर न लेकर जाएं, ऐसा करने से बाइक की गति और बढ़ जाएगी, जिसकी वजह से हादसा हो सकता है।
अगर सारी कोशिशों के बाद भी बाइक के ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं तो सड़क पर आसपास के लोगों को सतर्क करने के लिए बाइक की हैडलाइट को फ्लैश करें। साथ ही बार-बार हॉर्न का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही बाइक को किसी मिट्टी या फिर घास वाली जगह पर धीमी रफ्तार के साथ गिराने की कोशिश करें, ताकि नुकसान को कम किया जा सकें।
दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा के लिए हमेशा अच्छी गुणवत्ता का हेलमेट पहनना चाहिए, ताकि किसी भी गंभीर चोट से बचा जा सकें। इसके अलावा बाइक की नियमित तौर पर सर्विस कराते रहें, ताकि ब्रेक के साथ सभी उपकरण सही से काम करें।