दक्षिण कोरिया की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी Hyundai (ह्यूंदै) ने अपनी नई आनेवाली 2022 Creta फेसलिफ्ट एसयूवी के आधिकारिक डेब्यू से पहले इसका एक टीजर जारी किया है। टीजर तस्वीर में नई Hyundai Creta के सिल्हूट को सामने और साइड से दिखाया गया है। नई क्रेटा के फेसलिफ्ट मॉडल का आधिकारिक तौर पर डेब्यू अगले महीने गायकिंडो इंडोनेशिया इंटरनेशनल ऑटो शो या GIIAS (जीआईआईएएस) 2021 के दौरान होने की उम्मीद है।
आकर्षक है फ्रंक लुक
टीजर तस्वीर के मुताबिक, क्रेटा के नए मॉडल के कुछ डिटेल्स सामने आए हैं। जिससे पता चलता है कि 2022 ह्यूंदै क्रेटा अपने लुक और डिजाइन में ज्यादा बोल्ड, अधिक गतिशील और फ्यूचरिस्टिक बनने के लिए तैयार है। टीजर तस्वीर से इशारा मिलता है कि नई 2022 क्रेटा पैरामीट्रिक ज्वेल पैटर्न के साथ एलईडी डीआरएल और एलईडी हेडलाइट्स के साथ आएगी। ऑन करने पर इसका आकार बुमेरांग जैसा दिखता है और लाइट बंद होने पर यह ग्रिल के साथ मेल खाती दिखती है।
फीचर्स
नई ह्यूंदै क्रेटा में पैनोरमिक सनरूफ, बोस प्रीमियम साउंड सिस्टम और नई एडवांस्ड फीचर्स के साथ एक नया 10.25-इंच टीएफटी एलसीडी क्लस्टर जैसे फीचर्स और टेक्नोलॉजी के साथ आने की संभावना है। ह्यूंदै क्रेटा को ब्लूलिंक के साथ आएगी। यह एक कनेक्टिविटी टेक्नोलॉजी है जिससे यूजर अपने स्मार्टफोन को कार से कनेक्ट कर सकता है।
कार को चोरी होने से बचाएगा ये फीचर
नई क्रेटा में कई सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं। इसमें स्टोलन व्हीकल ट्रैकिंग और स्टोलन व्हीकल इमोबिलाइजेशन जैसे सेफ्टी फीचर्स भी मिलेंगे। अगर कोई आपकी कार को चुराने की कोशिश करता है तो उस स्थिति में यह आपके स्मार्टफोन पर एक मैसेज भेजता है। इसके बाद ग्राहक द्वारा ह्यूंदै के कॉल सेंटर को अलर्ट करने पर कार पूरी तरह से बंद हो जाएगी।
वैलेट पार्किंग मोड फीचर
नई क्रेटा में वैलेट पार्किंग मोड फीचर भी दिया गया है। यह एक ऐसा फीचर है जो कार की वैलेट पार्किंग सर्विस के दौरान कार के सभी इंफोटेनमेंट सिस्टम संचालन को लॉक या बंद कर देगी।
"ग्राहकों का रिस्पॉन्स अच्छा"
ह्यूंदै मोटर्स इंडोनेशिया के निदेशक सुंगजोंग हा ने कहा कि पिछले हफ्ते ह्यूंदै क्रेटा डिजाइन स्केच जारी होने के बाद से कंपनी को संभावित खरीदारों से बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
सुंगजोंग हा ने आधिकारिक ह्यूंदै इंडोनेशिया वेबसाइट के हवाले से कहा, "इस एसयूवी को खासतौर से इंडोनेशिया में ग्राहकों के जरूरतों के मुताबिक बनाया और डिजाइन किया गया था।" उन्होंने कहा कि वाहन निर्माता इस कार के साइज को और ज्यादा स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना चाहता था। उन्होंने कहा, "क्रेटा एक कार है जिसका उत्पादन इंडोनेशिया में ह्यूंदै कारखाने में और इंडोनेशिया के लोगों के लिए किया जाएगा।"