एंटी ट्रस्ट मामले में गूगल को यूरोपियन यूनियन की अदालत से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने मंगलवार को कंपनी पर 7 साल पहले लगाए लगभग 2.4 अरब यूरो (220 अरब रुपये) का जुर्माने के निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा है। कंपनी पर यह जुर्माना खरीददारी सेवाओं को लेकर लगाया गया था। गूगल के पास खुद को जुर्माने से बचाने के लिए यह आखिरी मौका था। अदालत अपने फैसले में कहा कि आपने खरीद प्रतिस्पर्धा नियमों में धोखा किया है।
पर्वतारोही ट्रेसी मेटकाफ दुनिया की सभी 14 ऊंची चोटियों पर चढ़ने वाली पहिला अमेरिकी महिला बनीं हैं। कोलोराडो के वेल की रहने वाली 50 वर्षीय मेटकाफ ने शुक्रवार को तिब्बत में 26,335 फीट / 8,027 मीटर लंबे शीशा पंगमा की चढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी की।
जापान के पीएम शिगेरु इशिबा ने 27 अक्तूबर को होने वाले संसदीय चुनाव के मद्देनजर बुधवार को संसद का निचला सदन भंग कर दिया। उन्होंने मतदाताओं से अपनी नौ दिन की सरकार के पक्ष में मतदान की अपील भी की। भ्रष्टाचार का आरोप लगने पर फुमियो किशिदा ने लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी की सरकार का तीन साल तक नेतृत्व करने के बाद पीएम पद से छोड़ दिया था। किशिदा के बाद इशिबा ने पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण किया था।
अमेरिकी और नेपाली युवक ने किया समलैंगिक विवाह
नेपाली और अमेरिकी युवक ने काठमांडू में गुरुवार को शादी की। समलैंगिक विवाह की अनुमति दिए जाने के बाद हिमालयी राष्ट्र में किसी विदेशी से समलैंगिक विवाह का यह पहला मामला है। नेपाल की शीर्ष अदालत ने जून 2023 में नेपाल में समलैंगिक विवाह को वैध बनाने के लिए अंतरिम आदेश जारी किया। गुरुवार को नेपाल के 27 वर्षीय प्रजीत बुधाथोकी और 30 वर्षीय अमेरिकी नागरिक जोसेफ फोस्टर एलिस ने एक होटल में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शादी की। बाद में जोड़े ने एक ईसाई पादरी की उपस्थिति में एक-दूसरे को अंगूठियां पहनाईं।
पाकिस्तान में सबसे ज्यादा दी जाती है मौत की सजा: रिपोर्ट
पाकिस्तान में सबसे ज्यादा कैदियों को मौत की सजा दी जाती है। बताया जाता है कि यह आंकड़ा वैश्विक मौत की सजा पाने वाली आबादी का 26 प्रतिशत है। जस्टिस प्रोजेक्ट पाकिस्तान (जेपीपी) ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कहा कि 2024 में कुल 6161 कैदियों को मौत की सजा सुनाई गई। जबकि 2023 में 6,039 कैदियों को मौत की सजा का एलान किया गया था। लाहौर स्थित एनजीओ ने डेथ पेनल्टी इन पाकिस्तान: डेटा मैपिंग कैपिटल पनिशमेंट नामक अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कहा कि मौत की सजा पाने वाले कैदियों की सबसे अधिक संख्या पंजाब प्रांत में 2,505 थी, उसके बाद खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में 2,311 थी। रिपोर्ट के अनुसार वैश्विक स्तर पर मौत की सजा पाने वाला हर सातवां व्यक्ति और दुनिया में फांसी की सजा पाने वाला हर आठवां व्यक्ति पाकिस्तानी है।
अपने देश के लोगों की सुरक्षा के लिए तकनीक का उपयोग कर रहे भारत-अमेरिका: गार्सेटी
भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने गुरुवार को कहा कि दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र भारत-अमेरिका अपने लोगों को जोड़ने, उनकी सुरक्षा के लिए और एक ताकत के रूप में प्रौद्योगिकी का उपयोग करने का दृष्टिकोण साझा करते हैं। यूएस-इंडिया साइंस एंड टेक्नोलॉजी एंडोमेंट फंड 2024 अवार्ड्स में उन्होंने कहा कि दोनों देश जादूगरों की अगली पीढ़ी में निवेश कर रहे हैं। जो ऐसे समाधान पेश करेंगे जिनकी इस दुनिया को सख्त जरूरत है।