फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिंध के सीएम अली शाह बोले: पीसीबी में नौकरी के लिए बेहतर होते पीएम इमरान, पढ़ें दुनिया की अन्य महत्वपूर्ण खबरें

Tue, 02 Nov 2021 06:18 AM IST
Kuldeep Singh एजेंसी, इस्लामाबाद

सार

इस्लामाबाद में मीडिया से बात करते हुए सिंध के सीएम मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने सत्तारूढ़ सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सभी जानते हैं कि पीटीआई ने चुनाव कैसे जीता। प्रधानमंत्री इमरान खान देश के प्रमुख के रूप में काम करने के बजाय पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) में बेहतर काम करते।
विज्ञापन
पाकिस्तान के पीएम इमरान खान - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान के सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह का मानना है कि प्रधानमंत्री इमरान खान देश के प्रमुख के रूप में काम करने के बजाय पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) में बेहतर काम करते। जियो न्यूज की रिपोर्ट के हवाले से यह जानकारी मिली है।

विज्ञापन


इस्लामाबाद में मीडिया से बात करते हुए सिंध के सीएम ने सत्तारूढ़ सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सभी जानते हैं कि पीटीआई ने चुनाव कैसे जीता। उन्होंने आत्मविश्वास से कहा, अब पीटीआई के लोग चुनाव में अपनी गारंटी खो देंगे क्योंकि अब माहौल बदल चुका है। आइए जानते हैं दुनिया की अन्य महत्वपूर्ण खबरें...
 

ब्रिटेन में बेपटरी हुई ट्रेन दूसरी से टकराई, कई घायल

ब्रिटेन में बेपटरी हुई ट्रेन के दूसरी से टकराने के बाद कई लोग घायल हो गए। खबरों के मुताबिक ब्रिटेन के दक्षिणी शहर सैलिसबरी में एक ट्रेन के पटरी से उतरने और अन्य एक ट्रेन के उससे टकराने से कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। नेटवर्क रेल ने बताया कि लंदन के दक्षिण-पश्चिम में लगभग 70 मील (113 किलोमीटर) की दूरी पर सैलिसबरी स्टेशन के पास पहुंचते ही ‘किसी वस्तु से टकराने’ से एक यात्री ट्रेन के पिछले डिब्बे पटरी से उतर गए। ट्रेन के पटरी से उतरने से इलाके के सभी सिग्नल ठप पड़ गए, जिस कारण एक अन्य ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन से टकरा गई।

टेक्सास में हैलोवीन पार्टी में गोलीबारी, एक की मौत

अमेरिका के टेक्सास प्रांत में एक हैलोवीन पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने रविवार को हुई गोलीबारी की इस घटना के सिलसिले में एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। टेक्सास प्रांत की टेक्सारकाना पुलिस के मुताबिक संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय केउन्टे मैकएलरे के रूप में की गयी है। पुलिस का कहना है कि मैकएलरे को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ सोमवार को अन्य आरोप भी तय किए जाएंगे। पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात हुई हैलोवीन पार्टी में करीब 200 लोग मौजूद थे कि तभी अचानक एक व्यक्ति ने गोलीबारी शुरू कर दी।

तालिबान की गुहार : हमारा पैसा जारी करे अमेरिका

अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से देश के बैंक रिजर्व को खोले जाने की अपील की है। तालिबानी सरकार ने इसके लिए देश में खड़े हुए मानवीय संकट को रोकने का हवाला दिया है।

अफगान सेंट्रल बैंक के रिजर्व को खोले जाने की मांग की
दरअसल, इसी साल अगस्त में अफगानिस्तान की चुनी हुई सरकार का पतन हो गया और यहां की सत्ता तालिबान के हाथों में आई। इसके तुरंत बाद ही अमेरिका ने अफगानिस्तान की अरबों डॉलर की संपत्ति को फ्रीज कर दिया। तालिबान के वित्त मंत्रालय के प्रवक्ता अहमद वली हौमल ने कहा कि अफगान संपत्ति को बिना किसी शर्त के जारी किया जाना चाहिए। किसी देश के भंडार को फ्रीज करना अंतरराष्ट्रीय कानूनों के खिलाफ है। अफगान लोगों के खिलाफ हो रही क्रूरता का यह उदाहरण है।  उन्होंने कहा कि जमा किया गया पैसा इस्लामिक अमीरात की संपत्ति नहीं है, यह जरूरतमंद लोगों और व्यापारियों का धन है। 

सेंट्रल बैंक के रिजर्व को फ्रीज करने के खिलाफ रैली
टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को अफगान उद्योगपतियों और व्यापारियों ने अफगानिस्तान के रिजर्व को फ्रीज करने के खिलाफ रैली निकाली। एक उद्योगपति मोहम्मद शाहब ने कहा कि अगर देश का रिजर्व अनफ्रीज नहीं किया गया तो अपराध बढ़ेंगे।
 

स्पेन में कपल ने होटल से चुराई तीन करोड़ की शराब की बोतल

स्पेन के एक होटल में ठहरे एक कपल ने वहां शराब की कुछ बोतलें चुरा लीं, जब यह खुलासा सामने आया तो वहां हड़कंप गया, जांच बैठी दी गई कि यह बोतलें कैसे चुराई गईं। इस चोरी में जो सबसे आश्चर्यजनक बात रही वह यह कि जो शराब चुराई गई है उसमें एक बोतल की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह बोतलें काफी पुरानी भी बताई गई हैं जिन्हें सजाकर रखा गया था।
 

कोरोना के मामले बढ़ने पर बीजिंग में सख्ती बढ़ी

चीन की राजधानी बीजिंग में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सोमवार को यहां नियमों को सख्त कर दिया। प्रशासन ने लोगों से देश के दूसरे हिस्सों की यात्रा पर गए और वहां पर संक्रमण के मामले बढ़ने पर वापसी की यात्रा रद्द करने को कहा है। इसके साथ ही चीन की ‘शून्य कोविड’ नीति के प्रभावी होने पर भी चिंता पैदा हो गई है। 

 

ग्रीनलैंड में अत्यधिक बर्फ पिघलने से बढ़ा वैश्विक बाढ़ का खतरा

ग्रीनलैंड में अत्यधिक बर्फ पिघलने से वैश्विक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। एक अध्ययन में यह बात सामने आई है। नेचर कम्युनिकेशंस पत्रिका’ में सोमवार को प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार पिछले एक दशक में ग्रीनलैंड की बर्फ की चादर से जो 3.5 खरब टन बर्फ पिघली है, उसने पूरी दुनिया में समुद्र के स्तर को एक सेंटीमीटर बढ़ा दिया है जिससे दुनिया भर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। 

हिंदुओं पर हमलों को लेकर प्रवासी भारतीयों ने चर्चा की

भारतीय-अमेरिकी प्रवासी समुदाय के नेताओं ने कांग्रेसमैन जेम्स मैकगवर्न से मुलाकात कर पाकिस्तान और बांग्लादेश सहित दुनिया के विभिन्न हिस्सों में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और हमलों के मुद्दे पर चर्चा की। मैकगवर्न, हाउस रूल्स कमेटी के अध्यक्ष और द्विदलीय टॉम लैंटोस मानवाधिकार आयोग के डेमोक्रेटिक सह-अध्यक्ष हैं। 

वे अक्सर दुनिया के विभिन्न हिस्सों में मानवाधिकारों के उल्लंघन पर चिंता व्यक्त करते हैं। हिंदू स्वयंसेवक संघ यूएसए, विश्व हिंदू परिषद, सेवा इंटरनेशनल, इस्कॉन, 75एट75 फाउंडेशन, कश्मीरी हिंदू फाउंडेशन, स्वामी नारायण बीएपीएस समूह, भारत विकास के लिए ग्लोबल इंडियंस व अन्य संगठनों ने बोस्टन में मैकगवर्न के साथ विस्तार से चर्चा की।

पाकिस्तान : विपक्ष ने चुनाव में हेराफेरी पर इमरान को चेताया

पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर फिर से चुनावी हेराफेरी की गई तो सरकार के खिलाफ बगावत हो सकती है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक पीडीएम प्रमुख ने एक जनसभा में कहा कि 25 जुलाई, 2018 देश की संसद के इतिहास का काला दिन है इस दी वोटों की हेराफेरी की गई थी।

उन्होंने इमरान का नाम लिए बिना कहा कि मौजूदा शासकों ने देश को दिवालिया कर दिया है। एक मजबूत देश के लिए  मजबूत अर्थव्यवस्था जरूरी, खराब अर्थव्यवस्था के कारण यूएसएसआर भी विघटित हो गया था। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था मजबूत थी, भारतीय प्रधानमंत्री बस से यात्रा करके पाकिस्तान आए थे। अब मौजूदा भाजपा सरकार कमजोर अर्थव्यवस्था के कारण पाकिस्तान से बात भी करने को तैयार नहीं है।

सिंगापुर में भारतवंशी गायक विद्वेष फैलाने का आरोपी

सिंगापुर के एक भारतवंशी गायक को एक यहां की एक अदालत ने विभिन्न समूहों के बीच धर्म और नस्ल के आधार पर विद्वेष की भावना पैदा करने की कोशिश करने को लेकर आरोपित किया। ‘चैनल न्यूज़ एशिया’ की खबर के मुताबिक, सुभाष गोविन प्रभाकर नायर (28) पर जुलाई 2019 से मार्च 2021 के बीच चार बार धर्म व नस्ल के आधार पर लोगों में विद्वेष पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाया गया है। पहली घटना 29 जुलाई 2019 को हुई थी, जब नायर ने एक वीडियो ऑनलाइन पोस्ट किया था। आरोपपत्र में कहा गया है कि नायर ने चीनी और अन्य नस्लों के लोगों के बीच विद्वेष की भावना पैदा करने की कोशिश की।

ब्राजील में डकैतों के खिलाफ अभियान, 25 संदिग्ध मारे गए

ब्राजील के मिनस गेरैस राज्य में बैंक डकैती की साजिश रच रहे एक गिरोह के खिलाफ चलाए गए अभियान में कम से कम 25 संदिग्ध मारे गए हैं। पुलिस ने बताया इस गिरोह ने अपने मारे गए सदस्यों की आत्मा की शांति की प्रार्थना के लिए ‘ऑल सोल्स’ छुट्टी के दिन वित्तीय संस्थानों पर हमला करने की साजिश रची थी। पुलिस ने बताया कि संघीय राजमार्ग पुलिस के साथ मिलकर चलाए गए, इस अभियान में हथियार एवं गोला बारूद का जखीरा भी जब्त किया गया।
विज्ञापन

हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमले में 10 लोगों की मौत

यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों के फटने से मध्य प्रांत मारिब में एक धार्मिक शैक्षणिक इकाई में कम से कम 10 नागरिकों की मौत हो गई। घटना में 25 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि ये मिसाइलें रविवार देर रात अल-औमद के आवासीय इलाके स्थित एक मदरसे दार अल हदीथ और मस्जिद पर गिरीं। हताहतों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें