अमेरिका में इस साल के अंत में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। रिपब्लिकन और डेमोक्रेट खेमे के नेता प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इस बीच, कल शाम एक चुनावी रैली में रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप पर गोलीबारी की गई है। इस हमले में पूर्व राष्ट्रपति बाल-बाल बच गए। इस पूरी घटना के चलते जो बाइडन प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं। अमेरिका की ओर से कई प्रमुख आवाजों ने रैली स्थल पर सुरक्षा तैयारियों पर सवाल उठाए हैं, वहीं कुछ रिपब्लिकन नेताओं ने एक कदम आगे बढ़कर बाइडन पर निशाना साधा है।
क्या बोले पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप?
हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप ने गोलीबारी की घटना के बाद सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, 'मैं पेंसिलवेनिया के बटलर में हुई घटना के बीच अमेरिका की सीक्रेट सर्विस और सभी कानूनी एजेंसियों का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा, जिन्होंने घटना पर तुरंत कार्रवाई की।'
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर कहा, 'सबसे जरूरी बात। मैं रैली में गोलीबारी का शिकार हुए शख्स और इसमें गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। यह काफी बड़ी बात है कि इस तरह की घटना अमेरिका में हो रही है। हमलावर के बारे में अब तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।'
ट्रंप ने आगे कहा, 'मैं समझ गया था कि कुछ गड़बड़ है, मेरे कान में झनझनाहट की आवाज थी और गोलियों की आवाज भी सुनाई दी। मुझे तुरंत लगा कि गोली मेरी त्वचा को चीरती हुई निकल गई। काफी खून भी बहा, तब मुझे लगा कि क्या हो रहा है।'
सीक्रेट सर्विस के साथ एफबीआई करेगी मामले की जांच
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुगलीएल्मी के मुताबिक, यह घटना स्थानीय समयानुसार शाम 6.15 बजे हुई, जब एक संदिग्ध शूटर ने ऊंचाई वाली जगह से ट्रंप पर गोलीबारी कर दी। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने उस हमलावर को तुरंत ही मार गिराया। रैली में मौजूद एक अन्य शख्स की मौत भी हुई है, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सीक्रेट सर्विस के साथ अमेरिका की संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) मामले की जांच कर रहा है।
बयानबाजी से ट्रंप की हत्या करने की कोशिश
रिपब्लिकन सीनेटर जेडी वेंस ने कहा कि गोलीबारी की यह घटना कुछ इक्का-दुक्का घटना नहीं है। बता दें, वेंस इस साल के अंत में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप को समर्थन दे सकते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, 'बाइडन के प्रचार अभियान का मुख्य आधार यह है कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक सत्तावादी फासीवादी हैं, जिन्हें हर कीमत पर रोका जाना चाहिए। इस बयानबाजी के कारण सीधे तौर पर ट्रंप की हत्या की कोशिश की गई।'
बाइडन ने कहा था कि ट्रंप को निशाना बनाने का समय: सांसद ग्रीन
इसके अलावा, रिपब्लिकन नेता और सांसद मार्जोरी टेलर ग्रीन ने आरोप लगाया कि डेमोक्रेट चाहते हैं कि ट्रंप और उनके समर्थक मर जाएं। उन्होंने कहा कि जो बाइडन ने दाताओं से कहा था कि ट्रंप को निशाना बनाने का समय आ गया है और ठीक यही हुआ।बेनी थॉम्पसन के नेतृत्व में हाउस डेमोक्रेट्स ने पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप से यूएसएसएस सुरक्षा छीनने के लिए एक विधेयक पेश किया।
उन्होंने कहा, 'हथियारबंद डीओजे ने यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया है कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप अपना शेष जीवन जेल में बिताएं, जबकि गैर-हिंसक जे6र्स (6 जनवरी, 2021 को कैपिटल हमले में शामिल लोग) को सालों के लिए जेल भेजा जा रहा है। वे ट्रंप और उनके समर्थकों को मरना चाहते हैं। हम नहीं भूलेंगे।'
उन्होंने एक्स पर एक अलग पोस्ट में कहा, 'डेमोक्रेट और मीडिया आज बहाए गए खून की हर बूंद के लिए दोषी हैं। सालों-साल उन्होंने ट्रंप और उनके समर्थकों को बदनाम किया है।'
राष्ट्रपति ने हमले की कड़ी निंदा की
इन सब आरोपों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी के बाद उन्होंने रिपब्लिकन नेता से बात भी की। वारदात के समय अमेरिकी राज्य डेलावेयर में मौजूद बाइडन ने कहा कि इस तरह की हिंसा के लिए अमेरिका में कोई जगह नहीं है।
राष्ट्रपति बाइडन ने कहा, 'सभी एजेंसियों ने मुझे घटना के बाद जानकारी दी है। मैंने ट्रंप से बात करने की कोशिश की लेकिन वह अभी डॉक्टरों के साथ हैं और सुरक्षित हैं। इस तरह की घटना के लिए अमेरिका में कोई जगह नहीं है। हम सभी देशवासियों के लिए यह समय एकजुट रहने का है। हम इस तरह की घटनाओं को देश में होने की अनुमति नहीं दे सकते और ना ही हम ऐसा होने देंगे।'
कमला हैरिस ने घटना को बताया घृणित
अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी इस घटना को घृणित बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए कहा, 'मुझे पेंसिल्वेनिया में पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यक्रम में हुई गोलीबारी के बारे में जानकारी दी गई है। राहत है कि वह गंभीर रूप से घायल नहीं हुए हैं। हम उनके, उनके परिवार और उन सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं जो इस बेहूदा गोलीबारी में घायल और प्रभावित हुए हैं।'
हैरिस ने त्वरित प्रतिक्रिया के लिए अमेरिकी गुप्त सेवा का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगे कहा, 'हम तत्काल कार्रवाई के लिए यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस, प्रथम उत्तरदाताओं और स्थानीय अधिकारियों के आभारी हैं। इस तरह की हिंसा के लिए हमारे देश में कोई जगह नहीं है। हम सभी को इस घृणित कृत्य की निंदा करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी भूमिका निभानी चाहिए कि इससे और अधिक हिंसा न हो।'
वायरल हुए वीडियो में ट्रंप के कान से खून बहता दिखा
गोली चलने के बाद मची अफरा-तफरी के बीच पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप को एक काफिले में ले जाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में ट्रंप के कान से खून बहता देखा जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से जारी बयान के मुताबिक ट्रंप सुरक्षित हैं। इस घटना की चौतरफा निंदा की जा रही है। बाइडन, कमला हैरिस, पूर्व राष्ट्रपति ओबामा ने दो टूक कहा है कि अमेरिकी समाज में हिंसा की कोई जगह नहीं है।
सीक्रेट सर्विस प्रवक्ता एंथनी गुग्लिल्मी ने कहा कि पेन्सिलवेनिया में 78 वर्षीय ट्रंप की रैली वाली जगह पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने शूटर को मार गिराया। सीक्रेट सर्विस के जवान जब ट्रंप को मंच से दूर सुरक्षित जगह पर ले जा रहे थे, उसी समय उनके समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे लगाए। ट्रंप को हवा में मुट्ठी बांध कर कुछ कहते देखा गया।