उमनो के अध्यक्ष अहमद जाहिद हामिदी और प्रधानमंत्री मुहीउद्दीन यासीन
- फोटो : straitstimes
मलेशिया में एक साल बाद दोबारा राजनीतिक संकट शुरू हो गया है। सत्ताधारी गठबंधन के सबसे बड़ी पार्टी उमनो ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री मुहीउद्दीन यासीन से समर्थन वापस लेने की घोषणा की। उमनो के अध्यक्ष अहमद जाहिद हामिदी ने यासीन से तत्काल नए नेता के लिए रास्ता साफ करने की अपील की है।
इस राजनीतिक बमबारी के चलते पिछले साल मार्च में सत्ता हासिल करने वाले यासीन के पद नहीं छोड़ने पर सरकार गिरने का संकट खड़ा हो गया है, जिसके चलते मलयेशिया को तीन साल में दूसरी बार आम चुनाव का सामना करना पड़ेगा।
यासीन ने 2018 के आम चुनाव में जीत हासिल करने वाली सुधारवादी सरकार के गिरने पर पिछले साल सत्ता संभाली थी। उनकी बेरास्तू पार्टी ने यूनाइटेड मलायाज नेशनल ऑर्गनाइजेशन (उमनो) का दामन थाम लिया था, जो 2018 में चुनाव हार गई थी।
इसके अलावा भी कई दलों को साथ जोड़कर सरकार गठन किया गया था, लेकिन इस गठबंधन के पास आवश्यक बहुमत के सामने मामूली बढ़त ही मौजूद थी। उमनो के अध्यक्ष अहमद जाहिद हामिदी ने बृहस्पतिवार को यासीन की सरकार न पर कोरोना वायरस पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने यासीन की डावांडोल राजनीति के चलते आर्थिक संकट गहराने का भी आरोप लगाया और उन्हें पद छोड़ने के लिए कहा ताकि किसी अन्य को महामारी के बाद आम चुनाव कराने तक के लिए अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया जा सके।
हालांकि उमनो का यह निर्णय इस कारण हैरान करने वाला है, क्योंकि समर्थन वापस लेने की घोषणा से कुछ घंटे पहले ही यासीन ने इस पार्टी के एक सांसद को अपना उपप्रधानमंत्री घोषित किया था।