शेख नवाफ का काम संभाल रहे थे शेख मेशाल
समाचार एजेंसी 'रॉयटर्स' के मुताबिक, उत्तराधिकारी की घोषणा उप प्रधान मंत्री और कैबिनेट मामलों के राज्य मंत्री इस्सा अल-कंदारी ने एक बयान में की है। क्राउन प्रिंस शेख मेशाल (83 वर्षीय) 2021 से कुवैत के वास्तविक शासक हैं। शेख नवाफ ने बीमार होने के कारण उनके अधिकांश कर्तव्यों का जिम्मा उन्हें सौंपा गया था।
संसद में शपथ लेने के बाद सत्ता संभालेंगे क्राउन प्रिंस
कुवैत के संविधान के मुताबिक, क्राउन प्रिंस खुद-ब-खुद (ऑटोमैटिकली) ही अमीर बन जाते हैं। वह संसद में शपथ लेने के बाद सत्ता संभाल सकते हैं। नए अमीर के पास उत्तराधिकारी का नाम रखने के लिए एक साल तक का समय होता है। नए अमीर की पसंद पर बारीकी से नजर रखी जा रही थी, क्योंकि कुवैत के सत्तारूढ़ परिवार की युवा पीढ़ी इस पद को हासिल करने का प्रयास कर रही है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने जताई संवेदना
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान में कहा कि वह शेख नवाफ के निधन के बारे में सुनकर दुखी हैं। उन्होंने कहा कि वह ब्रिटेन के एक महान दोस्त थे और उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। ऋषि सुनक ने कुवैत के अमीर शेख नवाफ अल-अहमद अल-सबा के निधन पर कुवैती नागरिकों और अल सबा परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना जताई।
भारत में रहेगा एक दिवसीय राजकीय शोक: केंद्रीय गृहमंत्रालय
केंद्रीय गृहमंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि कुवैत के अमीर शेख नवाफ के निधन पर देश में देश में एक दिवसीय राजकीय शोक होगा। मंत्रालय ने एक्स पर कहा, 'कुवैत के अमीर शेख नवाफ अल-अहमद अल-जबर अल-सबा का आज निधन हो गया। दिवंगत हस्ती के सम्मान में भारत सरकार ने फैसला लिया है कि पूरे भारत में 17 दिसंबर को एक दिन का राजकीय शोक होगा। पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज उन सभी इमारतों पर आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है और इस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।'
पीएम मोदी ने भी जताया निधन पर दुख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी शेख नवाफ अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर कहा, महामहिम शेख नवाफ अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के दुर्भाग्यपूर्ण निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। हम शाही परिवार, नेतृत्व और कुवैत के लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।