अफगानिस्तान में तालिबान के संपूर्ण कब्जे के बाद से आए दिन हालात बिगड़ते जा रहे हैं। आम नागरिकों से लेकर महिलाओं एवं बच्चो पर आतंकी संगठन का अत्याचार जारी है। लोग बिना सामान लिए देश छोड़कर भाग रहे हैं। वहीं इन सब के बीच अब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अफगानिस्तान संकट पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि महीने के अंत तक अफगानिस्तान से निकासी पूरी हो जाएगी। साथ ही उन्होंने अन्य देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में दुनिया में आईएस के हमले बढ़ सकते हैं।
इस दौरान जब जो बाइडन से पूछा गया कि अमेरिकी अधिकारी जल्द से जल्द मिशन को पूरा करने के इच्छुक क्यों हैं? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि इस्लामिक स्टेट के चरमपंथी संगठन हमले की फिराक में हैं इसलिए 31 अगस्त तक हम अपने मिशन को पूरा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि आतंकवादी इस संकट की स्थिति में फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं और यह अभी भी एक खतरनाक ऑपरेशन है। पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि विदेशी नेताओं द्वारा अधिक समय मांगा जा रहा है तो इसके जवाब में बाइडन ने कहा कि हम देखेंगे कि हम क्या कर सकते हैं।
अमेरिका ने 30,300 लोगों को निकालने में मदद की: व्हाइट हाउस
व्हाइट हाउस ने रविवार देर रात जानकारी देते हुए कहा कि अमेरिका ने अफगानिस्तान से सैन्य बलों की मदद से लगभग 30,300 लोगों को निकालने में मदद की है क्योंकि तालिबान ने देश पर नियंत्रण कर लिया है।
बाइडन लगातार लोगों को अफगानिस्तान के बारे में दे रहे जानकारी
बता दें कि राष्ट्रपति जो बाइडन लोगों को लगातार अफग़ानिस्तान के बारे में जानकारी दे रहे हैं। वह राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ भी बैठक कर रहे हैं। वहीं जब बाइडन समेत जी-7 देशों के नेता मंगलवार को ऑनलाइन बैठक करेंगे तो उसमें भी अफगानिस्तान ही बातचीत का मुख्य मुद्दा होगा।