जापान की राजकुमारी माको ने अपने शाही दर्जे को अलविदा कहते हुए मंगलवार को उस आम व्यक्ति से शादी कर ली, जिसे वह प्रेम करती हैं। सम्राट नारुहितो की भतीजी माको ने अपने ब्वॉयफ्रेंड केई कोमुरो से विवाह कर लिया है। दोनों इंटरनेशनल क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी में साथ पढ़ाई करते थे। दोनों ने सितंबर 2017 में शादी करने का एलान किया था।
माको ने जब तीन साल पहले कोमुरो से शादी की घोषणा की थी तब एक अखबार के जरिए पता लगा था कि कोमुरो की मां और उसके पूर्व मंगेतर के बीच एक वित्तीय विवाद है। इसमें दावा किया गया कि मां और बेटे ने करीब 35,000 डॉलर का कर्ज नहीं चुकाया था। कोमुरो ने कहा था कि यह पैसा उपहार स्वरूप दिया गया था, किसी ऋण के रूप में नहीं।
जिंदगी का पहला पासपोर्ट बनवाएंगी माको
माको और उनके पति केई कोमुरो ने शादी के बाद न्यूयॉर्क में रहने का फैसला किया है। हालांकि माको अभी कुछ समय तक जापान में ही रहेंगी और शाही परिवार छोड़ने से संबंधी कामकाज निपटाएंगी। इसके अलावा उन्हें अपनी जिंदगी का पहला पासपोर्ट भी बनवाना है।
कम हो रहे शाही सदस्य, उत्तराधिकारियों की कमी
‘इंपीरियल हाउस’ कानून के अनुसार, शाही परिवार की महिला सदस्यों के एक आम नागरिक से शादी करने पर, उन्हें अपना शाही दर्जा खोना पड़ता है। इस प्रथा के कारण शाही परिवार के सदस्य कम होते जा रहे हैं और सिंहासन के उत्तराधिकारियों की कमी है। नारुहितो के बाद, उत्तराधिकार की दौड़ में सिर्फ अकिशिनो और उनके पुत्र प्रिंस हिसाहितो हैं। सरकार द्वारा नियुक्त विशेषज्ञों की एक समिति इस संबंध में चर्चा कर रही है, लेकिन रूढ़िवादी अब भी महिला उत्तराधिकार या महिला सदस्यों को शाही परिवार का मुखिया ना बनाने पर अड़े हैं।