इस्राइल के पीएम बेनेट के साथ भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर
- फोटो : ANI
पांच दिनी इस्राइल दौरे पर आए भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को प्रधानमंत्री नफ्ताली बेेनेट से मुलाकात की। उन्होंने इस्राइल के पीएम को पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत आने का न्योता दिया। बेनेट से चर्चा में जयशंकर ने दोनों देशों के बीच सामरिक रिश्ते और मजबूत करने पर जोर दिया। पीएम बेनेट के साथ मुलाकात के दौरान जयशंकर ने द्विपक्षीय रिश्तों के विस्तार, दोस्ताना संबंधों को और पुख्ता करने पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान जयशंकर ने कहा कि हम भारत-इस्राइल संबंधों को लेकर एक महत्वपूर्ण चरण में हैं। अब चुनौती यह है कि इन संबंधों को अगले स्तर पर कैसे ले जाया जाए। जयशंकर ने आगे कहा कि मैं आपको बता सकता हूं कि इस्राइल के साथ हमारे संबंधों को लेकर भारत में भावनाएं और हित बहुत मजबूत हैं। वहीं,बेनेट ने कहा कि मैं इस्राइलियों की ओर से कहता हूं- हम भारत से प्यार करते हैं। हम भारत को अपने खास दोस्त की तरह देखते हैं और सभी क्षेत्रों व आयामों में अपने संबंधों को विस्तार देने के लिए हम काम कर रहे हैं।