गाजा पट्टी पर मई में हवाई हमले में चार बहुमंजिला इमारतें गिरने के मामले में इस्राइल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार समूह ने सोमवार को कहा है कि इस्राइल द्वारा ये अंतरराष्ट्रीय युद्ध कानून की उल्लंघन है।
समूह ने इस्राइल से इस हमले को सही साबित करने के लिए साक्ष्य मांगे हैं। समूह का कहना है कि इस हमले में किसी को नुकसान नहीं हुआ लेकिन आसपास मौजूद भवनों को नुकसान पहुंचा है जिससे काफी लोग बेघर हो गए हैं। इस्राइल की सेना इस पूरे मामले में अपना स्पष्टीकरण दे। इस मामले में इस्राइली सेना ने फिलहाल कुछ भी कहने से मना कर दिया है।
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार इस्राइल और फलस्तीन के बीच दस मई से चल रही लड़ाई में गाजा में अब तक 260 लोगों की जान गई है। इसमें 66 बच्चे और 41 महिलाएं हैं। हमास ने स्वीकार किया कि इस्राइली हमले में 80 दहशतगर्द मारे गए हैं। वहीं इस्राइल का दावा है कि मारे गए दहशतगर्दों की संख्या अधिक है।