साल 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले में बचे बच्चे मोशे के चाचा का कहना है कि भारत, इस्राइल के हालात को ज्यादा बेहतर समझ सकता है क्योंकि भारत ने भी मुंबई हमले जैसी आतंकी घटना को झेला है। अमेरिका में रह रहे बेबी मोशे के चाचा होजबर्ग ने कहा कि आज हमास की कैद में दर्जनों मोशे कैद हैं। उन्होंने कहा कि हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोग उन्हें ये याद दिलाते हैं कि मुंबई हमले के दौरान मोशे ने क्या-क्या झेला था।
बता दें कि साल 2008 में हुए मुंबई हमले के दौरान आतंकियों ने मुंबई के कोलाबा में स्थित नरीमन हाउस में मोशे के माता-पिता समेत कई यहूदी लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस हमले में मोशे बच गया था, जिसे उसकी भारतीय नैनी ने बचा लिया था। मुंबई हमले के वक्त मोशे दो साल का बच्चा था और अब वह 17 साल का किशोर हो चुका है। होजबर्ग ने कहा कि भारत, इस्राइल और हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों की स्थिति को समझ सकता है क्योंकि जो मोशे के साथ हुआ, वही गाजा में बंधक बनाए गए लोगों के साथ हो रहा है।
होजबर्ग ने कहा कि मोशे इस्राइल में है और वह यह समझता है कि इस्राइल में क्या हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह इस आतंक के साथ रह रहा है क्योंकि इस्राइल में रोजाना मिसाइलों से हमले हो रहे हैं। होजबर्ग ने कहा कि दुनिया अब रहने के लिए सुरक्षित जगह नहीं बची है। इस्राइल पर हमला हुआ और उसके बाद से अमेरिका समेत पूरी दुनिया में यहूदियों को डराया धमकाया जा रहा है और यहूदी लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद अभी भी मौजूद है और उसने दुनिया में काफी तबाही मचाई है। आतंकवाद का सामना सिर्फ इस्राइल ही नहीं कर रहा है बल्कि पूरी दुनिया में खतरा बढ़ा है। आतंकवाद से लड़ने के साथ ही इसे बढ़ने ना देने के लिए कदम उठाने की भी जरूरत है।