पड़ोसी मुल्क चीन की चालबाजियों और लालच से अब पूरी दुनिया वाफिक होती जा रही है। सस्ते सामान के चक्कर में बाजारों पर एकाधिकार करना, धोखे से जमीन हथियाना और तकनीक के नाम पर जासूसी करने जैसी उसकी कारगुजारियां आए दिन सामने आती जा रही हैं। हाल ही में भारत ने टिकटॉक समेत 59 चाइनीज एप्स पर प्रतिबंध लगाया। ये एप्स चोरी छिपे जासूसी करने में लगे हुए थे, जिससे भारत की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए खतरा पैदा हो सकता था। देखा जाए तो एप्स चीन की महत्वाकांक्षाओं का एक छोटा सा हिस्सा ही है। किसी न किसी वजह से वह दुनियाभर के देशों के लिए सिरदर्द बना हुआ है।
दरअसल राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीन को दुनिया में सबसे शक्तिशाली बनने की धुन सवार हो गई है। अपनी विस्तारवादी नीति को भी वह नए आयाम पर पहुंचाना चाहता है। वह हर हाल में न सिर्फ अमेरिका बल्कि पूरे यूरोप को अपनी ताकत दिखाना चाहता है। इसके लिए ड्रैगन ने कई योजनाएं बनाई हैं, जिनमें से कई योजनाएं तो काफी ज्यादा डराती हैं।
चीन की विस्तारवादी योजनाओं से तो सभी वाकिफ ही हैं। कब्जा करने से लेकर पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन जैसे देशों को कर्ज व निवेश के जाल में फंसाने का काम भी वह बखूबी कर रहा है। चीन की ऐसी कई योजनाएं हैं, जिन्हें लेकर न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया को सतर्क रहने की जरूरत है।