कनाडा में आम चुनावों के पूर्ण नतीजे आने से पहले ही कंजरवेटिव पार्टी के नेता एरिन ओ'टूले ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए हार को स्वीकार किया और लिबरल पार्टी के नेता व वर्तमान प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को जीत की बधाई दी।
बता दें, कनाडा में समयसीमा से दो साल पहले हुए आम चुनावों के नतीजे आना शुरू हो गए हैं। इसमें लिबरल पार्टी 157 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कंजरवेटिव पार्टी 122 सीटों पर आगे है। ऐसे में लिबरल पार्टी चुनावों में सबसे ज्यादा सीट हासिल करने में कामियाब होते दिख रही है, जिससे साफ है कि जस्टिन ट्रूडो एक बार फिर प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठेंगे।
सबसे बड़ी पार्टी, लेकिन बहुमत से दूर
भले ही इन चुनावों में जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी सबसे ज्यादा सीट हासिल करने में कामियाब होते दिख रही हो। फिर भी वह बहुमत से काफी पीछे रह गई। ऐसे मे संसद में कानूनों को पारित कराने व सत्ता में बैठने के लिए उन्हें विपक्षी दलों का सहारा लेना होगा। हालांकि, वह इतनी सीट जरूर हासिल कर लेंगे कि उन्हें पद से हटाने का खतरा नहीं रहेगा।
पीएम मोदी ने कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कनाडाई समकक्ष जस्टिन ट्रूडो को मिली चुनावी सफलता पर उन्हें बुधवार को बधाई दी और कहा कि वह भारत-कनाडा संबंधों को और मजबूत करने के लिए उनके साथ मिलकर काम जारी रखने के इच्छुक हैं।
मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘चुनावों में जीत के लिए प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को बधाई। मैं भारत-कनाडा संबंधों को और मजबूत करने के साथ ही वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर सहयोग के लिए साथ मिलकर काम जारी रखने का इच्छुक हूं।’