फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: फिलीपीन में नौका में आग लगने से सात लोगों की मौत, पढ़ें कुछ अहम खबरें

Tue, 24 May 2022 02:59 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, मनीला/बर्लिन/वाशिंगटन/तेहरान। 
विज्ञापन
नाव में लगी आग (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : social media
विज्ञापन

फिलीपीन में 130 से अधिक लोगों को उत्तर-पूर्वी प्रांत क्वेजोन ले जा रही एक नौका में सोमवार सुबह आग लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। तटरक्षक बल ने बताया कि ज्यादातर यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया है। इस हादसे में चार लोग लापता हो गए हैं।

विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक, 134 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में से ज्यादातर को आग लगने के कारण पानी में कूदना पड़ा। हालांकि, इलाके में तैनात जहाजों ने उन्हें बचा लिया। ऐसा प्रतीत होता है कि आग नौका के इंजन कक्ष में भड़की होगी। तटरक्षक बल के मुताबिक नौका के मलबे को तट तक लाया गया है। तस्वीरों में नौका से आग की लपटें और धुआं उठता नजर आ रहा है। 

विस्थापितों की संख्या 10 करोड़ के पार : संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (यूएनएचसीआर) ने सोमवार को कहा कि संघर्ष, हिंसा, मानवाधिकारों के उल्लंघन और उत्पीड़न से बचने के लिए दुनियाभर में 10 करोड़ से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। यूक्रेन में युद्ध के चलते भी छह लाख लोगों को घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।
विज्ञापन


शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त फिलिपो ग्रैंडी ने कहा, विस्थापित लोगों की संख्या का यह एक रिकॉर्ड है जो कभी नहीं बनना चाहिए था। यूएनएचसीआर ने कहा कि इथियोपिया, बुर्किना फासो, म्यांमार, नाइजीरिया, अफगानिस्तान और कांगो सहित कई देशों में हिंसा या संघर्ष की घटनाओं के कारण 2021 के अंत तक दुनियाभर में विस्थापित लोगों की संख्या नौ करोड़ तक पहुंच गई थी।

यूएनएससी में स्थायी सीट के लिए बाइडन का जापान को समर्थन
बाइडन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में जापान की स्थायी सीट का समर्थन जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि वे यूएनएससी में स्थायी सदस्य के तौर पर जापान की उम्मीदवारी का समर्थन करते हैं। यह जानकारी एनएचके पब्लिक टेलीविजन ने दी। बता दें कि अमेरिका ने यूएनएससी में भारत की स्थायी सदस्यता का भी कई बार समर्थन किया है।

फिलहाल यूएनएससी में 5 स्थायी सदस्य और 10 गैर-स्थायी सदस्य शामिल हैं। अस्थायी सदस्यों को संयुक्त राष्ट्र महासभा दो साल के कार्यकाल के लिए चुनती है। इसके तहत भारत फिलहाल यूएनएससी का अस्थायी सदस्य है जिसका कार्यकाल 2022 में खत्म हो जाएगा। जबकि 5 स्थायी सदस्य रूस, फ्रांस, ब्रिटेन, चीन व अमेरिका किसी भी मूल प्रस्ताव को ‘वीटो’ कर सकते हैं।

ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड के सदस्य की बंदूकधारियों ने की हत्या
मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक वरिष्ठ सदस्य की तेहरान में उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। देश के सरकारी टेलीविजन ने यह जानकारी दी। हालांकि घटना के बारे में अधिक ब्योरा नहीं दिया। सरकारी मीडिया ने कहा कि राजधानी के मध्य में दो हमलावरों ने कर्नल हसन सैयाद खोदयारी को उस समय पांच गोलियां मार दीं जब वह अपनी कार में थे।

खबरों में खोदयारी को केवल ‘धर्मस्थल रक्षक’ कहा गया। यह शब्द उन ईरानियों के लिए इस्तेमाल किया जाता है जो रिवोल्यूशनरी गार्ड की विदेशों में अभियान देखने वाली कुद्स शाखा के तहत सीरिया और इराक में चरमपंथी इस्लामिक स्टेट समूह के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। हमले की तत्काल किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें