अमेरिका में मौजूद भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने उच्चतम स्तर पर इस मामले को उठाया, जिसके बाद अमेरिकी सरकार हरकत में आई। यह घटना जनवरी की है, जहां अधिकारी केविन डेव द्वारा चलाए जा रहे पुलिस वाहन ने 24 वर्षीय भारतीय छात्रा को टक्कर मार दी थी
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने भारत सरकार को सिएटल में पुलिस वाहन से टक्कर के बाद 24 वर्षीय भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला की मौत की त्वरित जांच और इस हादसे में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
भारत के राजदूत ने उच्चतम स्तर पर मामले को उठाया
अमेरिका में मौजूद भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने उच्चतम स्तर पर इस मामले को उठाया, जिसके बाद अमेरिकी सरकार हरकत में आई। यह घटना जनवरी की है, जहां अधिकारी केविन डेव द्वारा चलाए जा रहे पुलिस वाहन ने 24 वर्षीय भारतीय छात्रा को टक्कर मार दी थी, जिससे लड़की की मौत हो गई। अमेरिकी अखबार के अनुसार, अधिकारी ओवरडोज की रिपोर्ट मिलने के बाद घटनास्थल तक पहुंचने के लिए रास्ते में 119 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गाड़ी चला रहा थ। वहीं सिएटल पुलिस द्वारा जारी किए गए बॉडीकैम फुटेज में देखा गया कि अधिकारी डेनियल ऑडरर ने इस हादसे को हंसकर टाल दिया। उन्होंने इस बात को भी मानने से इनकार कर दिया कि अधिकारी डेव कसूरवार है।
अमेरिकी सांसदों ने भी की हदसे की निंदा
अमेरिकी सांसदों और भारतीय-अमेरिकियों ने इस हादसे की निंदा करते हुए आक्रोश जताया है। भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'हमने इस दुखद मामले में शामिल लोगों के खिलाफ गहन जांच और कार्रवाई के लिए सिएटल और वाशिंगटन राज्य के स्थानीय अधिकारियों के साथ-साथ वाशिंगटन डीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष इस मामले को दृढ़ता से उठाया है।'
विज्ञापन
इस मामले पर भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने कहा, 'जाह्नवी कंडुला भारत से स्नातक की पढ़ाई के लिए यहां आई थीं। पुलिस की एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही कंडुला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारी ऑडरर का कहना है कि उसके जीवन का ‘सीमित मूल्य’ था। इस पर मुझे अपने पिता का ख्याल आया जो 20 साल की उम्र में यहां आए थे। मिस्टर ऑडरर, प्रत्येक भारतीय अप्रवासी का जीवन अनंत मूल्यवान है।'
सैन फ्रांसिस्को में भारतीय महावाणिज्यदूत अशोक मंडुला इस मामले को लेकर सिएटल और वॉशिंगटन डीसी के अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं। समुदाय के नेता अजय भूतोरिया ने लड़की की मौत पर शोक जताते हुए कहा, 'हम इस घटना के दौरान सिएटल पुलिस अधिकारी द्वारा दिखाए गए दुर्भाग्यपूर्ण बयान से बहुत परेशान हैं। एक समुदाय में होने के कारण हमें एकसाथ मिलकर जाह्नवी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए लड़ना चाहिए।' सिएटल पुलिस के जवाबदेही दफ्तर की तरफ से जानकारी दी गई कि उन्होंने घटना की जांच शुरू कर दी है और उन्हें इसे 29 जनवरी से पहले पूरा करना है।