बता दें बुजुर्ग ने जो शर्त लगाई थी उसके तहत उसे अधिक से अधिक शराब पीनी थी। इस चुनौती को पूरा करने के लिए उसने 1.5 लीटर वोदका पी डाली, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक को लोग 'दादाजी' के नाम से बुलाते थे। उसे एक यू ट्यूबर ने इस चुनौती को पूरा करने के बदले में इनाम के तौर पर रुपये देने की बात कही थी।
बताया जा रहा है कि रूस में यह चुनौती 'थ्रैश स्ट्रीम' या फिर 'ट्रैश स्ट्रीम' के नाम से काफी चर्चित है। अब सोशल मीडिया पर इस खबर के वायरल हो जाने के बाद से 'ट्रैश स्ट्रीम’ नाम की यह चुनौती भी काफी ट्रेंड कर रही है। इस शर्त में किसी शख्स को पैसे के बदले में किसी भी तरह के स्टंट को करने के लिए चुनौती दी जाती है। साथ ही यूट्यूब पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग भी की जाती है, जिसे बड़ी संख्या में दर्शक ऑनलाइन देखते हैं।
जानकारी मिली है कि मरने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग की पहचान यूरी दुशेकिन के रूप में हुई है। उसे एक यू ट्यूबर ने रुपयों के बदले में गर्म सॉस खाने या शराब पीने की चुनौती दी थी। ऐसे में उसने वोदका पीने की शर्त को चुना और 1.5 लीटर वोदका गटक गया। इसके तुरंत बाद ही वह अचानक गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस पूरे घटनाक्रम को लाखों दर्शकों ने लाइव स्ट्रीम पर देखा।
बताया जा रहा है कि रूस के अधिकारियों ने पिछले हफ्ते हुई इस घटना की जांच शुरू कर दी है। इस बीच रूस के नेता सीनेटर एलेक्सी पुष्कोव ने इस तरह की जानलेवा चुनौतियों पर प्रतिबंध लगाने के लिए कानून बनाए जाने पर जोर दिया है। उनका कहना है कि इस तरह की शर्त सोशल मीडिया पर हिंसा को बढ़ावा देती हैं। इससे डिजिटल क्राइम को बढ़ावा मिल रहा है।