नए साल के जश्न के लिए मसूरी तैयार है। होटलों-दुकानों को सजाया गया है। पर्यटकों के लिए होटलों में विशेष पैकेज देने की तैयारी है। साथ ही मनोरंजन के लिए गीत-संगीत की व्यवस्था भी की गई है। नए साल के लिए होम स्टे, होटलों में होटलों में करीब 50 फीसदी एडवांस बुकिंग हो गई है।
मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि नए साल के लिए होटल उद्योग से जुड़े लोगों में उत्साह है। एडवांस बुकिंग फिलहाल 50 फीसदी है लेकिन 31 दिसंबर तक और बढ़ने की उम्मीद है। बड़े और स्टार कैटेगरी के होटलों में करीब 60 फीसदी एडवांस बुकिंग है। इस बार नए साल पर मसूरी में अच्छी संख्या में सैलानी पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम पर पुलिस अधिकारियों से बात हो गई है। शहर में पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त व्यवस्था करने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर को शहर का माहौल अलग रहता है ऐसे में मालरोड पर वाहनों के प्रवेश को साढ़े 12 तक बंद किया जाना चाहिए।