रुद्रपुर में अपनी मां के घर गई दो बहनों की गैरमौजूदगी में चोरों ने उनका घर खंगाल दिया। चोर उनके घर से लाखों रुपये के जेवरातों के साथ सारा कीमती सामान समेटकर ले गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार काशीपुर रोड पर स्थित पामग्रीन कॉलोनी में नाजिया और उसकी बहन नोरीन का परिवार रहता है। दोनों का घर कुछ ही दूरी पर है। बृहस्पतिवार की शाम दोनों बहनें रुद्रपुर के आदर्श कॉलोनी में रहने वाली अपनी मां नूरजहां के घर गई थी। तीन घंटे के बाद नाजिया को छोड़ने बहन नोरीन आई तो घर पर सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर से चांदी, सोना, इंनवर्टर, छह हजार रुपये सहित काफी सामान चोरी हो गया था। थोड़ी देर बाद नोरीन का पति सुजाहत अपने घर गया तो वहां भी सारा सामान चोरी हो गया था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने झाड़ियों में छिपे दो संदिग्धों को अलग-अलग दिशा में भागते हुए देखा था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। दोनों पीड़ितों की ओर से पुलिस में तहरीर देने की कार्रवाई की जा रही है।