ऊधमसिंह नगर जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सीडीओ को एनएच और लोनिवि के कार्यों पर निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि सड़कों के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने लोनिवि के अधिकारियों को काशीपुर के आरओबी के सभी कार्यों को संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काशीपुर से महाराणा प्रताप चौक से रामनगर जाने वाली सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। इस सड़क के साथ ही अन्य सभी क्षतिग्रस्त मार्गोंको मानसून के पश्चात तत्काल ठीक कराने की जिम्मेदारी अधिकारियों की है। प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने बैठक से अनुपस्थित प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी को दिए। कहा कि अधिकारियों की बैठकों से दूरी सहन नहीं की जाएगी।